नई दिल्ली:दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी इसका फैसला शनिवार को हो जाएगा। भाजपा और आप अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं। इसी बीच अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उनके नेताओं को भाजपा की तरफ से फोन करके ऑफर दिए जा रहे हैं। जिसपर पार्टी ने उन्हें बयान वापस लेने या कानूनी नोटिस के लिए तैयार रहने को कहा। अब कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने पूर्व सीएम से कुछ सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि इनके रहस्य रहस्य ही रह जाते हैं। कभी सबूत नहीं मिलता।
फोन करने की जरूरत क्या है
एएनआई से बातचीत करते हुए नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार ने कहा, ‘इनका रहस्य मजाक बन गया है। कौन से विधायक को फोन जा रहा है। इन्हें पता है कौन विधायक होगा? कल पता चलेगा की कौन विधायक आया है। अगर किसी पार्टी को पैसे देने हैं तो वह फोन करेगी। पता तो चले फोन करने की जरूरत है क्या? ये कह रहे हैं हमारी 55 सीटें आ रही हैं। 15 विधायक अगर ले भी लेंगे तो क्या हुआ, आप 40 में फिर भी सरकार बनाओगे। किस बात की चिंता है। कुछ तो तर्क से बात करो यार। इतने क्यों घबराए हुए हो?’
55-60 आ रही हैं तो क्यों आएगा फोन
बिना कोई विधायक बने क्यों कॉल आएगा। कल हो सकता है 12 बजे अगर कांटे की टक्कर हो तो फोन आ सकता है। अगर तुम्हारी 55-60 आ रही हैं तो फोन करने का कोई मतलब नहीं है। भाजपा की 45-50 आ रही हैं तो फोन करने का मतलब नहीं। कांग्रेस की 40 आ रही हैं तो फोन करने का कोई मतलब नहीं। तो क्या मतलब है फोन करने का?
फ्रस्ट्रेशन में दे रहे बयान
दीक्षित ने कहा, ‘यह अंदर की फ्रस्ट्रेशन है, हताशा है। आपको एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं है, उसपर कमेंट कर सकते हैं। आप ये जरूर कह सकते हैं कि हम अपने लोगों को सतर्क रखेंगे। वो वाजिब है। आप अगर ये कहें कि हम अपने विधायकों को सुरक्षित रखेंगे जिससे उनपर डोरे न डाले जाएं, ये सब एक्टिविटी ठीक है। 15 करोड़ दे रहे, पहले कहा यमुना जी में जहर है, उसका कुछ नहीं मिला। यह शोभा नहीं देता उस व्यक्ति को जो 10 साल तक सीएम रहा हो।’