उत्तराखंड, नेपाल और हिमालय क्षेत्रों में पाया जाने वाला च्यूरा फल आयुर्वेद के अनुसार सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसे अंग्रेजी में ‘इंडियन बटर ट्री’ के नाम से जाना जाता है, जबकि इसका वनस्पतिक नाम Diplolema butyracea है। यह फल न केवल स्वाद में मीठा और रसीला होता है, बल्कि इसके औषधीय गुण भी अद्भुत होते हैं। च्यूरा का पेड़ पूरी तरह से उपयोगी है, इसकी जड़ से लेकर पत्तियों तक, सभी का उपयोग सेहत से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए किया जा सकता है।
च्यूरा का सेवन शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने से लेकर हृदय रोग, गठिया, और त्वचा से जुड़ी समस्याओं के समाधान में फायदेमंद होता है। आइए जानते हैं च्यूरा के सेवन से सेहत को मिलने वाले लाभों के बारे में:
च्यूरा के सेहत से जुड़े फायदे
1. जोड़ों का दर्द और गठिया में राहत
च्यूरा के तेल में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण जोड़ों के दर्द, गठिया, और मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या में राहत देते हैं। यह तेल चलने में होने वाली परेशानी को भी कम करता है, जिससे दर्द में आराम मिलता है।
2. पाचन क्रिया में सुधार
च्यूरा के बीज में प्राकृतिक एंटीऑक्सिडेंट्स और फाइबर होते हैं, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं। यह एसिडिटी, पेट दर्द, पेट फूलना, अपच और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत प्रदान करता है।
3. इम्यूनिटी को बूस्ट करता है
च्यूरा के बीजों से तैयार तेल रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है। इसमें मौजूद आवश्यक विटामिन्स और मिनरल्स शरीर को पोषक तत्व प्रदान करके सर्दी-ज़ुकाम और संक्रमण से बचाव करते हैं।
4. स्किन एलर्जी से राहत
च्यूरा का तेल स्किन एलर्जी और इन्फेक्शन से राहत दिलाने के लिए बहुत प्रभावी है। इसके एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण त्वचा को पोषण देते हैं और रैशेज को ठीक करके स्किन को ग्लोइंग बना देते हैं।
5. कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करता है
च्यूरा के तेल में मौजूद मोनो अनसैचुरेटेड और पॉलीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं, जो दिल की सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। इसके नियमित सेवन से हृदय रोगों का खतरा भी कम होता है।
च्यूरा को अपनी डाइट में कैसे शामिल करें?
च्यूरा का फल खाने के बाद इसके बीज को सुखाकर पीसकर घी बनाया जाता है, जिसका उपयोग भोजन पकाने में किया जाता है। इसके अलावा, च्यूरा से स्वादिष्ट पराठे और गुड़ भी बनाए जाते हैं, जिन्हें डाइट में शामिल किया जा सकता है।
च्यूरा एक प्राकृतिक औषधि है, जो कई प्रकार की शारीरिक समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। इसके तेल और फल के विभिन्न लाभों का सेवन करके आप अपनी सेहत को बेहतर बना सकते हैं।