वाशिंगटन: 39 वर्षीय उद्यमी और पूर्व राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी एक पुराने वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस वीडियो में वे अपने घर में नंगे पैर इंटरव्यू देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ लोगों ने इसे “असभ्य” और “अमेरिकी संस्कृति के खिलाफ” बताया।
प्रसिद्ध कमेंटेटर इयान माइल्स चेओंग ने रामास्वामी का बचाव करते हुए इस विवाद को “सबसे मूर्खतापूर्ण बहस” करार दिया। उन्होंने कहा, “लोग शायद उन सिटकॉम को देखकर बड़े हुए हैं, जिनमें किरदार जूते पहनकर बिस्तर पर जाते हैं।”
हालांकि, कई आलोचकों ने इसे अनुचित बताते हुए रामास्वामी की आलोचना जारी रखी। एक उपयोगकर्ता ने लिखा, “विवेक कभी ओहायो के गवर्नर नहीं बन सकते। यह अमेरिका के लिए अस्वीकार्य है।” वहीं, एक अन्य ने कहा, “कम से कम मोजे तो पहन ही सकते थे। आप दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश की सत्ता के लिए इंटरव्यू दे रहे हैं।”
इस बीच, रामास्वामी के समर्थन में भी कई लोग सामने आए। उन्होंने तर्क दिया कि दक्षिण एशिया और पूर्वी एशिया में घर के अंदर जूते उतारना एक सामान्य संस्कृति है। एक उपयोगकर्ता ने लिखा, “लगभग सभी भारतीय अपने घरों में नंगे पैर रहते हैं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।”
राजनीतिक विश्लेषक किम आइवरसन ने भी इस बहस में हस्तक्षेप किया और कहा, “ग़ैर-एशियाई लोगों को भी अपने घर में जूते पहनने की आदत बदलने की जरूरत है।”
इस विवाद पर खुद रामास्वामी ने प्रतिक्रिया दी और कहा, “यह अमेरिका है दोस्तों। मैं अपने घर में जो चाहूं कर सकता हूं।” उनके इस जवाब की कई लोगों ने तारीफ की।
कुछ रूढ़िवादी आलोचकों ने जहां रामास्वामी की पृष्ठभूमि पर सवाल उठाए, वहीं कई अन्य ने उनकी परिपक्वता की प्रशंसा की। एक यूजर ने लिखा, “विवेक ने तब भी अपनी गरिमा बनाए रखी, जब एक आलोचक ने उनके नस्लीय आधार पर उन्हें वोट न देने की बात कही। उन्होंने बातचीत जारी रखी और खुद को कभी पीड़ित नहीं दिखाया।”