वॉशिंगटन: अमेरिका रूस के साथ संबंध सुधारने और यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए प्रतिबंधों में संभावित राहत देने की योजना बना रहा है। एक अमेरिकी अधिकारी और मामले से जुड़े एक अन्य व्यक्ति ने रॉयटर्स को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, व्हाइट हाउस ने विदेश और वित्त विभाग से उन प्रतिबंधों की सूची तैयार करने को कहा है, जिन्हें हटाया जा सकता है। इन प्रस्तावों पर आने वाले दिनों में अमेरिकी अधिकारी रूसी प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ रूसी उद्योगपतियों और कंपनियों पर लगे प्रतिबंध हटाने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। हाल ही में ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने इस बात को स्वीकार किया कि मास्को पर प्रतिबंधों में राहत देने की संभावना है।
अर्थव्यवस्था में सहयोग की संभावना
विशेषज्ञों का कहना है कि रूस की अर्थव्यवस्था प्रतिबंधों के कारण दबाव में है और उसे पश्चिमी राहत की सख्त जरूरत है। रूस ने हाल ही में अमेरिका के साथ खनीज संपदाओं पर सहयोग की इच्छा जताई है। वहीं, ट्रंप यूक्रेन के लिथियम भंडार को लेकर भी एक समझौते की कोशिश में थे, लेकिन यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के साथ बैठक बेनतीजा रही।