डेस्क:रविवार की रात दुबई में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जीत दर्ज की। भारत की जीत के बाद इंदौर के महू क्षेत्र में कुछ युवक जीत का जश्न मना रहे थे। जीत के जश्न के दौरान जब रैली महू की जामा मस्जिद के पास पहुंची तो दो गुटों में जमकर बवाल हुआ। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। पत्थरबाजी के साथ ही कई दुकानों को आग लगा दिया गया है। महू में बवाल के बाद पुलिस ऐक्शन मोड में है। इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
भारत की चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के बाद इंदौर के महू इलाके में कुछ क्रिकेट के प्रशंसक रैली निकाल रहे थे। इस दौरान उनकी रैली महू की जामा मस्जिद के पास पहुंची। जामा मस्जिद में अंदर लोग नमाज पढ़ रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी शुरू हो गई। दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी में लोग घायल हुए हैं। इस दौरान कई दुकानों और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है।
महू में हुई इस हिंसा पर जानकारी देते हुए इंदौर के कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि पत्थरबाजी के बाद स्थिति नियंत्रण में है। इलाके में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। जब कलेक्टर से पूछा गया कि यह घटना कैसे हुए तो उन्होंने कहा कि इस बारे में बाद में बात करेंगे, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, पुलिस ने इस मामले पर बात करते हुए कहा कि इलाके में जश्न के दौरान दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्थरबाजी और आगजनी हुई है।
घटना को लेकर बाद करते हुए पुलिस डीआईजी निमिश अग्रवाल ने बताया कि कुछ युवक भारत के चैंपियंस ट्रॉफी जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान एक रैली भी निकाली गई थी। रैली के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद पत्थरबाजी और आगजनी की घटना हुई है।