डेस्क:मुंबई की पवई पुलिस ने गुरुवार को एक 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर सेक्स रैकेट चला रहा था। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं को भी पकड़ा है, जो पेशे से मॉडल हैं। यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की जानकारी दी गई थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति होटल में महिलाओं को लेकर आता है। इसके बाद, पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक बनकर आरोपी श्याम सुंदर अरोड़ा से संपर्क किया। जैसे ही आरोपी चार महिलाओं को लेकर होटल पहुंचा, पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई महिलाओं की उम्र 26 से 35 वर्ष के बीच है। सभी को महिला आश्रय गृह भेज दिया गया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आठ मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।
पूछताछ में अरोड़ा ने बताया कि इस रैकेट में चर्कोप इलाके का एक और व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पवई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक जितेंद्र सोनवणे ने बताया, “गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है।”
आरोपी अरोड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143(2) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 (ITPA) की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।