ब्रासीलिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को ब्राज़ील का सर्वोच्च नागरिक सम्मान “Grand Collar of the National Order of the Southern Cross” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने उन्हें प्रदान किया।
यह सम्मान भारत और ब्राज़ील के बीच द्विपक्षीय संबंधों को सशक्त बनाने और वैश्विक मंचों पर दोनों देशों के सहयोग को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री मोदी के उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज ब्राज़ील के राष्ट्रपति द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित होना मेरे लिए ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। मैं राष्ट्रपति लूला, ब्राज़ील सरकार और वहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि राष्ट्रपति लूला भारत-ब्राज़ील रणनीतिक साझेदारी के शिल्पकार हैं, और यह सम्मान उनकी उस अथक मेहनत को भी समर्पित है, जिसने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह सम्मान भारत और ब्राज़ील की जनता को अपने आपसी सौहार्द और मित्रता को और अधिक गहराई देने की प्रेरणा देगा।
बाद में एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “यह सम्मान ब्राज़ील की जनता के भारतवासियों के प्रति गहरे स्नेह को दर्शाता है। हमारी मित्रता आने वाले समय में और नई ऊंचाइयों को छुए, यही कामना है।”
गौरतलब है कि मई 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह 26वां अवसर है जब किसी विदेशी सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाज़ा गया है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

