स्पोर्ट्स डेस्क:श्रीलंका क्रिकेट यानी एसएलसी ने अपने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को साफ बोल दिया है कि जब तक बोर्ड उनको पाकिस्तान से आने की अनुमति नहीं देता, तब तक सभी सदस्य पाकिस्तान में रहें और तीन मैचों की वनडे सीरीज के बचे हुए दो मैचों को खेलें। पाकिस्तान के इस्लामाबाद के कोर्ट के बाहर हाल ही हुए एक बम धमाके के बाद श्रीलंका के खिलाड़ियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी और खिलाड़ी छोड़कर श्रीलंका लौटने का प्लान बना रहे थे। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अब उनको वहीं रुकने के लिए कहा है।
बुधवार (12 नवंबर) को जारी एक बयान में, एसएलसी ने कहा कि टीम प्रबंधन ने उसे सूचित किया है कि “पाकिस्तान दौरे पर मौजूद राष्ट्रीय टीम के कई सदस्यों ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए स्वदेश लौटने का अनुरोध किया है।” बोर्ड ने कहा कि उसने तुरंत खिलाड़ियों से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि “ऐसी सभी चिंताओं का पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और संबंधित अधिकारियों के साथ निकट समन्वय में उचित समाधान किया जा रहा है, ताकि दौरे पर गए दल के प्रत्येक सदस्य की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके।”
हालांकि, एसएलसी ने सभी खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और प्रबंधन को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दौरा जारी रखने का निर्देश दिया है। मीडिया रिलीज में आगे कहा गया है कि यदि कोई खिलाड़ी या दौरे पर गए दल का सदस्य निर्देश के बावजूद वापस लौटना चाहता है, तो सीरीज को बिना किसी व्यवधान के जारी रखने के लिए रिप्लेसमेंट भेजा जाएगा। बोर्ड ने ये भी कहा है कि यदि किसी खिलाड़ी या सहयोगी स्टाफ का सदस्य एसएलसी के निर्देशों के बावजूद वापस लौटता है, तो उनके कार्यों का आकलन करने के लिए एक औपचारिक समीक्षा की जाएगी और समीक्षा के बाद उचित निर्णय लिया जाएगा।
इससे पहले, ऐसी खबरें आई थीं कि इस्लामाबाद की एक अदालत के बाहर हुए आत्मघाती बम विस्फोट के बाद, जिसमें 12 लोग मारे गए और 27 घायल हुए, कई श्रीलंकाई क्रिकेटरों ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए सीरीज से हटने की इच्छा व्यक्त की थी। हालांकि, मौजूदा हालातों को देखते हुए ऐसी रिपोर्ट भी सामने आ रही है कि जो मुकाबला 13 नवंबर को खेला जाना था, उसे 14 नवंबर को री-शेड्यूल किया गया है। तीसरा वनडे मैच भी एक दिन आगे खिसकाया जा रहा है। ये मुकाबले रावलपिंडी में खेले जाने हैं। पहले वनडे मैच में श्रीलंका को करीबी अंतर से हार मिली थी। श्रीलंका को इस सीरीज के बाद टी20 ट्राई सीरीज भी पाकिस्तान में खेलनी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
