स्पोर्ट्स डेस्क :भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला मौसम की मार की वजह से रद्द कर दिया गया। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होना था, लेकिन मैदान और आसपास के क्षेत्र में छाए घने कोहरे के कारण खेल शुरू ही नहीं हो सका। कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
मैच से पहले अंपायरों ने हालात का बारीकी से जायजा लिया और कुल छह बार मैदान की स्थिति का निरीक्षण किया। हालांकि, देर शाम तक कोहरे में कोई खास सुधार नहीं हुआ। आखिरकार रात करीब 9:30 बजे अंपायरों और मैच अधिकारियों ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया। इसके चलते टॉस तक नहीं हो पाया और दर्शकों को निराश होकर बिना मुकाबला देखे ही लौटना पड़ा।
इस मैच के रद्द होने के बाद पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारत 2-1 से आगे बना हुआ है। सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 101 रन के बड़े अंतर से हराया था। इसके बाद मुल्लांपुर में खेले गए दूसरे टी-20 में मेहमान टीम ने दमदार वापसी करते हुए भारत को 51 रन से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में धर्मशाला में भारतीय टीम ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया और सात विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त हासिल की।
अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का पांचवां और आखिरी टी-20 मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। इस मैच में भारत की नजरें सीरीज जीत पक्की करने पर होंगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका सीरीज बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत