डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ओमान में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा है कि 21वीं सदी का भारत साहसिक और त्वरित फैसले लेता है, महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखता है, और तय समय सीमा के भीतर नतीजे ला कर दिखाता है। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय और छात्रों के सामने यह भी कहा कि यह सभा भारत की विविधता में एकता की भावना को दर्शाती है। इससे पहले ओमान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया है। ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने गुरुवार को मस्कट में प्रधानमंत्री मोदी को इस सम्मान से नवाजा।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “आज हम सब यहां एक परिवार के तौर पर इकट्ठा हुए हैं। हम अपने देश, अपनी ‘टीम इंडिया’ का जश्न मना रहे हैं। विविधता हमारी संस्कृति की सबसे मज़बूत नींव है। भारत में हर दिन नये रंग लाता है, हर मौसम एक त्योहार बन जाता है, और हर परंपरा एक नया विचार लेकर आती है। इसलिए भारतीय जहां भी जाते हैं और जहां भी रहते हैं, हम विविधता का सम्मान करते हैं और उसका जश्न मनाते हैं।”
वहीं भारत और ओमान के बीच गहरे संबंधों पर ज़ोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत-ओमान मैत्री पर्व दोनों देशों के बीच स्थायी दोस्ती का प्रतीक है। पीएम ने द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में भारतीय प्रवासियों की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय भारत और ओमान को करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
गौरतलब है कि पीएम मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर ओमान पहुंचे। उनकी मौजूदगी में भारत और ओमान ने गुरुवार को ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत वस्त्र, कृषि उत्पाद तथा चमड़े के सामान सहित भारत के 98 प्रतिशत निर्यात को ओमान में टैक्स फ्री पहुंच प्रदान की जाएगी। दूसरी तरफ भारत खजूर, संगमरमर और पेट्रो रसायन वस्तुओं जैसे ओमान के उत्पादों पर शुल्क कम करेगा।
इस समझौता के अगले वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही से लागू होने की उम्मीद है। यह समझौता ऐसे समय में हो रहा है जब भारत को अपने सबसे बड़े निर्यात गंतव्य अमेरिका में 50 प्रतिशत तक के भारी शुल्क का सामना करना पड़ रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
