स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का निर्णायक मुकाबला शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा टी20 मैच धुंध के कारण रद्द हो गया था, जिसके बाद भारत सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाए हुए है।
इस अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल अहमदाबाद पहुंच चुके हैं, लेकिन उनका खेलना अब भी संशय में है। गिल पैर के अंगूठे में लगी चोट से जूझ रहे हैं। यदि वह फिट नहीं हो पाए, तो विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है। सैमसन को मौजूदा सीरीज में अब तक प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया है।
पैर के अंगूठे में चोट से परेशान गिल
पीटीआई के मुताबिक, चौथे टी20 मैच से पहले नेट सत्र के दौरान शुभमन गिल के पैर के अंगूठे में चोट लग गई थी। बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि लंबे बल्लेबाजी अभ्यास सत्र के अंत में उन्हें यह चोट लगी, जिसके बाद दर्द के कारण वह लंगड़ाते नजर आए। इसी वजह से बुधवार को उनके लिए खेलना मुश्किल माना गया और वह टीम के साथ मैदान पर नहीं उतरे।
हालिया चोटों और खराब फॉर्म से चुनौती
गौरतलब है कि पिछले महीने कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान गिल की गर्दन में भी चोट लग गई थी, जिसके चलते वह दूसरे टेस्ट और वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे। तब उन्हें दो दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था। चोट से उबरने के बाद उन्होंने टी20 सीरीज में वापसी की, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पहले टी20 में उन्होंने चार रन बनाए, दूसरे मैच में खाता नहीं खोल सके और तीसरे मुकाबले में 28 रन की पारी खेली।
हालांकि, कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व में पूरा कोचिंग स्टाफ गिल के समर्थन में खड़ा है। टीम प्रबंधन को भरोसा है कि गिल अगले साल फरवरी में होने वाले टी20 विश्व कप में अपनी फॉर्म हासिल कर मजबूत प्रदर्शन करेंगे।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
