स्पोर्ट्स डेस्क: भारत ने बारिश से प्रभावित अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। यह टूर्नामेंट में भारतीय टीम की लगातार चौथी जीत रही। खिताबी मुकाबले में अब भारत का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
शुक्रवार, 19 दिसंबर को दुबई के आईसीसी अकैडमी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। जवाब में भारत ने विहान और आरोन की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर लक्ष्य को 12 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने 18 ओवर में 2 विकेट खोकर 139 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि लड़खड़ाई। कप्तान आयुष म्हात्रे केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 6 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विहान और आरोन ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए अर्धशतक जड़े।
इससे पहले श्रीलंका की शुरुआत भी बेहद खराब रही। किशन सिंह ने डुलनिथ सिगेरा को जल्दी आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद दीपेश देवेंद्रन ने वीरन चामुदिथा को पवेलियन भेजा। कविजा गमागे 4 गेंदों में सिर्फ 2 रन बना सके। कप्तान विमथ दिनसारा ने 29 गेंदों में 32 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। किथमा विथानापतिराना ने 7 रन जोड़े, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज एडम हिल्मी केवल 1 रन ही बना सके। चमिका हेनातिगाला ने 38 गेंदों में 42 रन की अहम पारी खेली। सेठमिका सेनेविरत्ने ने 22 गेंदों में 30 रन बनाए, लेकिन वह पारी की आखिरी गेंद पर आउट हो गए।
टूर्नामेंट में अब तक भारत का सफर शानदार रहा है। ग्रुप चरण में भारत ने पाकिस्तान, यूएई और मलेशिया को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई थी। भारत ने यूएई को 234 रन से और मलेशिया को 315 रन से करारी शिकस्त दी, जबकि पाकिस्तान को 90 रन से मात दी। इसी दमदार प्रदर्शन के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया और अब फाइनल में भी अपना दमखम दिखाने को तैयार है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
