डेस्क: आदित्य धर की फिल्म धुरंधर इन दिनों हर तरफ चर्चा में है। दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से भी इसे जबरदस्त सराहना मिल रही है। अब मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने फिल्म पर अपना रिव्यू साझा करते हुए इसे भारतीय सिनेमा के लिए “वॉर्निंग” करार दिया है।
राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आदित्य धर की धुरंधर ने अकेले ही भारतीय सिनेमा के भविष्य की दिशा बदल दी है—चाहे वह नॉर्थ सिनेमा हो या साउथ। उनके मुताबिक, फिल्म की उपलब्धि सिर्फ बड़े स्केल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐसा सिनेमैटिक अनुभव है, जो पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि आदित्य धर ने सिर्फ सीन डायरेक्ट नहीं किए, बल्कि किरदारों और दर्शकों—दोनों की मानसिक स्थिति को समझकर फिल्म रची है।
फिल्म में हिंसा और तकनीकी पक्ष पर बात करते हुए राम गोपाल वर्मा ने लिखा कि धुरंधर मेनस्ट्रीम भारतीय सिनेमा की ग्रामर को दोबारा परिभाषित करती है। साउंड डिजाइन सिर्फ दृश्यों की सजावट नहीं करता, बल्कि उन्हें मजबूती देता है। यहां एक्शन महज कोरियोग्राफी नहीं, बल्कि वास्तविक हिंसा का अहसास कराता है।
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना के अभिनय को लेकर भी राम ने खास टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह काबिल-ए-तारीफ है कि रणवीर सिंह ने कहानी की जरूरत को समझते हुए कदम पीछे रखा और अक्षय खन्ना को फ्रेम में पूरी तरह उभरने का मौका दिया। यह रणवीर की सिनेमा की समझ को दर्शाता है।
राम गोपाल वर्मा ने आगे लिखा कि धुरंधर की सफलता सिर्फ एक और ब्लॉकबस्टर भर नहीं है, बल्कि यह पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए संकेत है—अब “ग्रो अप” करने का वक्त है।
फिल्म के प्रभाव को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि धुरंधर सिर्फ दर्शकों का ध्यान नहीं खींचती, बल्कि उसे पूरी तरह अपने नियंत्रण में ले लेती है। पहले ही शॉट से यह एहसास होता है कि कहानी में कुछ ऐसा घटने वाला है, जिसे बदला नहीं जा सकता। यह फिल्म शालीनता का दिखावा नहीं करती। इसके किरदार ऐसे नहीं गढ़े गए हैं कि सिर्फ पसंद किए जाएं, बल्कि ऐसे हैं जो थिएटर से बाहर निकलने के बाद भी याद रह जाएं। हर किरदार अपने भीतर एक इतिहास समेटे चलता है।
राम ने यह भी कहा कि फिल्म की सबसे बड़ी जीत यह है कि आदित्य धर को अपने दर्शकों की समझ पर पूरा भरोसा था। किसी निर्देशक द्वारा दर्शकों को दी जा सकने वाली यह सबसे बड़ी इज्जत है।
बता दें कि धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर भी नया इतिहास रच रही है। फिल्म अब तक पठान और गदर 2 जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए करीब 460.20 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
