डेस्क:रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। पुतिन ने कहा है कि रूस यूक्रेन के साथ युद्ध रोकने के लिए तुरंत तैयार है, बशर्ते उसे अपनी सुरक्षा को लेकर ठोस गारंटी दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रूस शांतिपूर्ण समाधान का हमेशा से समर्थक रहा है और आज भी बातचीत के जरिए संघर्ष समाप्त करने के लिए इच्छुक है।
यूक्रेन के साथ शांति वार्ता पर पुतिन ने कहा कि अब तक कीव की ओर से स्पष्ट और ठोस तत्परता नहीं दिखी है, लेकिन हाल के दिनों में कुछ संकेत जरूर मिले हैं। उन्होंने कहा कि कीव शासन से यह संकेत मिल रहे हैं कि वह किसी न किसी रूप में बातचीत के लिए तैयार हो सकता है। पुतिन ने दोहराया कि रूस ने हमेशा कहा है कि वह इस संघर्ष को शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त करना चाहता है।
इस दौरान पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए जा रहे शांति प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ट्रंप इस युद्ध को खत्म करने के लिए बेहद गंभीर प्रयास कर रहे हैं। पुतिन ने एंकरिज में हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि वहां रूस ने ट्रंप के प्रस्तावों पर सहमति जताई और व्यावहारिक रूप से उन्हें स्वीकार भी किया। उन्होंने कहा कि यह आरोप निराधार है कि रूस किसी भी प्रस्ताव को खारिज कर रहा है।
पुतिन ने बताया कि मॉस्को में हुई शुरुआती बैठकों में रूस को कुछ प्रस्ताव दिए गए और समझौतों की अपेक्षा की गई। एंकरिज पहुंचने पर उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये फैसले रूस के लिए आसान नहीं थे।
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि अब गेंद पश्चिमी देशों, खासकर कीव शासन के नेताओं के पाले में है। उन्होंने दोहराया कि रूस बातचीत और संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान—दोनों के लिए तैयार है। पुतिन ने कहा, “हम अगले साल भी शांति से जीना चाहते हैं। हम कोई सैन्य संघर्ष नहीं चाहते।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थायी और टिकाऊ शांति के लिए संघर्ष के मूल कारणों को खत्म करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो।
गौरतलब है कि पुतिन के वार्षिक संवाददाता सम्मेलन के साथ एक राष्ट्रव्यापी ‘कॉल-इन शो’ भी आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के नागरिकों को उनसे सीधे सवाल पूछने का मौका मिला। पुतिन पिछले 25 वर्षों से रूस का नेतृत्व कर रहे हैं। इस साल पर्यवेक्षकों की नजर यूक्रेन और अमेरिका समर्थित शांति योजना पर उनकी टिप्पणियों पर टिकी हुई है।
फरवरी 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद से जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापक कूटनीतिक प्रयास तेज किए हैं। हालांकि, वाशिंगटन की पहल को मॉस्को और कीव की परस्पर विरोधी मांगों के चलते लगातार चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
