डेस्क:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर मारा गया। मुठभेड़ थाना कोतवाली देहात और थाना गुलावठी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई। इस दौरान बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें कांबिंग अभियान चला रही हैं। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, कोतवाली देहात पुलिस टीम स्याना रोड स्थित जसनावली क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध नजर आए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। इसकी सूचना तत्काल अन्य थानों को दी गई। पीछा करते हुए बदमाश शेल्टन बंबा रोड पहुंचे, जहां थाना गुलावठी पुलिस फोर्स ने भी मोर्चा संभाल लिया।
दोनों ओर से घेराबंदी होने पर बदमाशों ने फिर पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर (35 वर्ष), निवासी उमर गार्डन कॉलोनी, थाना श्यामनगर लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने एक 30 बोर पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आजाद उर्फ जुबैर यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली में लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 47 मामलों में वांछित था। हाल ही में बुलंदशहर के कोतवाली देहात और गुलावठी क्षेत्र में लूट और चोरी की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
