डेस्क : अभिनेता गोविंदा को लेकर बीते कुछ समय से लगातार तरह-तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कभी गलती से बंदूक से गोली चलने की घटना, तो कभी उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर अफवाहें सुर्खियों में रही हैं। हाल ही में यह दावा भी किया गया कि गोविंदा दिवालिया हो गए हैं। अब इन तमाम खबरों पर उनके मैनेजर ने साफ तौर पर सच्चाई सामने रखी है।
मैनेजर ने किया अफवाहों का खंडन
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने कहा कि अभिनेता को लेकर फैलाई जा रही दिवालिया होने की खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने बताया कि भले ही गोविंदा को बीते कुछ वर्षों में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता नहीं मिली हो, लेकिन इसके बावजूद इंडस्ट्री के कई बड़े नाम आज भी उन्हें फिल्मों के ऑफर दे रहे हैं। शशि सिन्हा के मुताबिक, गोविंदा जल्द ही एक बड़े प्रोजेक्ट का ऐलान करने वाले हैं।
पैसों की कोई कमी नहीं
सोशल मीडिया पर यह अटकलें तब तेज हुईं, जब गोविंदा को टैक्सी से एयरपोर्ट जाते हुए देखा गया। इसे उनकी खराब आर्थिक हालत से जोड़ दिया गया। इस पर सफाई देते हुए शशि सिन्हा ने एएनआई से कहा कि गोविंदा के पास एक नहीं, बल्कि कई गाड़ियां हैं। टैक्सी से यात्रा करने का पैसों की तंगी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के भीतर प्राइवेट कारों की एंट्री की अनुमति नहीं होती, इसी वजह से टैक्सी का इस्तेमाल किया गया।
स्कूल और प्राइवेट इवेंट्स में परफॉर्म करने की वजह
मैनेजर ने उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि गोविंदा आर्थिक मजबूरी में स्कूलों और निजी आयोजनों में परफॉर्म कर रहे हैं। शशि सिन्हा ने कहा कि यह उनके प्रोफेशन का हिस्सा है। इसका यह मतलब कतई नहीं कि वे दिवालिया हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि गोविंदा आज भी अपने परिवार—पत्नी और बच्चों—की पूरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
करोड़ों के ऑफर ठुकरा चुके हैं गोविंदा
शशि सिन्हा ने बताया कि गोविंदा ने कई बार करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट्स सिर्फ इसलिए ठुकरा दिए, क्योंकि उन्हें स्क्रिप्ट और बाकी शर्तें पसंद नहीं आईं। उनके मुताबिक, गोविंदा ऐसे चुनिंदा कलाकारों में से हैं, जिनकी हालिया फिल्में हिट नहीं रहीं, फिर भी बड़े प्रोड्यूसर और अभिनेता उन्हें लगातार काम के लिए अप्रोच कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “गोविंदा ने काम छोड़ नहीं दिया है, बहुत जल्द आप कुछ बड़ा सुनेंगे।”
एक दौर में झेली थी आर्थिक तंगी
हालांकि शशि सिन्हा ने यह भी स्वीकार किया कि एक समय ऐसा था, जब गोविंदा को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने बताया कि उस दौरान अभिनेता को अपनी एफडी तुड़वानी पड़ी थी और कुछ अतिरिक्त पैसे जोड़कर दूसरों की मदद भी की थी। हालात यहां तक पहुंचे कि उन्हें अपना घर तक गिरवी रखना पड़ा। बाद में कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने इवेंट्स अटेंड किए और डांस परफॉर्मेंस दी। शशि ने कहा, “हमने उस दौर की कभी सार्वजनिक चर्चा नहीं की और गोविंदा ने किसी से मदद भी नहीं मांगी। यह सच है कि उगते सूरज को ही सब नमस्कार करते हैं।”













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
