स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह इन दिनों क्रिकेट की पिच की बजाय साइबर अपराधियों की चुनौती का सामना कर रहे हैं। साइबर ठगों ने रिंकू सिंह की आधिकारिक फेसबुक आईडी हैक कर ली और उस अकाउंट से होने वाली मोनेटाइजेशन इनकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
व्यस्तता का फायदा उठाकर सेंधमारी
ओजोन सिटी गोल्ड स्टेट निवासी रिंकू के भाई सोनू सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रिंकू मैच और ट्रेनिंग के चलते काफी व्यस्त रहते हैं। इसी दौरान उनकी फेसबुक आईडी पर हैकर्स ने कब्ज़ा कर लिया। जब रिंकू ने लॉगिन करने की कोशिश की, तो पासवर्ड लगातार गलत बताया गया और अकाउंट तक उनकी पहुँच बंद हो गई।
मेल और बैंक डिटेल्स में बदलाव
जांच में पता चला कि रिंकू की फेसबुक आईडी मूल रूप से उनकी निजी मेल (rinkukumar344.8.7) से जुड़ी थी, जिसे हैकर्स ने बदलकर एक नई कॉमर्शियल मेल (commercial.rinkusingh) से लिंक कर दिया। रिंकू का फेसबुक पेज मोनेटाइज्ड है और हैकर्स अब उस अकाउंट पर खुद पोस्ट डालकर कमाई हड़प रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई और साइबर अलर्ट
अकाउंट से रिंकू की जानकारी के बिना लगातार पोस्ट होने पर उन्होंने तुरंत एसएसपी को सूचित किया। साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आईपी एड्रेस और मेल आईडी ट्रैक कर रही है और फेसबुक (मेटा) से संपर्क कर अकाउंट रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
