डेस्क : सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के देवला गांव में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए मंगलवार को आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बुलंदशहर के बेलोन गांव निवासी 30 वर्षीय विजय देवला गांव में अपनी पत्नी राखी के साथ किराये पर रह रहा था। वह एक कूलर फैक्टरी में काम करता था। सोमवार रात पुलिस को विजय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच की तो गले पर निशान पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध लगा।
संदेह के आधार पर पुलिस ने पत्नी राखी से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मंगलवार सुबह मोजर बेयर गोलचक्कर के पास से राखी और उसके प्रेमी गुरदीप को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि राखी का गुरदीप सरदार से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। गुरदीप पेशे से ट्रक चालक है और अक्सर नरौरा जाते समय बेलोन गांव की एक चाय की दुकान पर रुकता था, जहां राखी से उसकी मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
पुलिस के मुताबिक, पति विजय उनके संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी कारण करीब 15 दिन पहले राखी ने साजिश रची। वह पति को बुलंदशहर से देवला लेकर आई और किराये पर कमरा लिया। सोमवार शाम उसने प्रेमी को फोन कर घर बुलाया और दोनों ने मिलकर विजय की गला घोंटकर हत्या कर दी।
घटना के बाद राखी ने पड़ोसी को बताया कि पति की पेट दर्द से मौत हो गई है। पड़ोसी ने डायल-112 पर सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घुटने से मौत की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले का पर्दाफाश किया।
विजय के तीन बच्चे हैं—12 वर्षीय मोनू, 10 वर्षीय विकास और 7 वर्षीय चुनमुन—जो गांव में अपने दादा-दादी के साथ रह रहे हैं।
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन ने बताया कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
