डेस्क : तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने सत्तारूढ़ दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) का दामन थाम लिया है। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की मौजूदगी में वह औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हुए। इस घटनाक्रम को ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के साथ-साथ भाजपा के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए इसी वर्ष चुनाव प्रस्तावित हैं। पन्नीरसेल्वम तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के विश्वस्त सहयोगी माने जाते थे। जयललिता के निधन के बाद उन्होंने पार्टी में अहम भूमिका निभाई, किंतु समय के साथ अन्नाद्रमुक में अंदरूनी कलह बढ़ती चली गई।
साल 2022 में पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद पन्नीरसेल्वम ने संगठन में वापसी के कई प्रयास किए, जो सफल नहीं हो सके। इस दौरान उनका और अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के बीच टकराव खुलकर सामने आया। दोनों नेताओं के बीच बढ़ते मतभेदों ने पार्टी में गहरी फूट पैदा कर दी।
बीते दिनों पन्नीरसेल्वम ने राजनीति से संन्यास लेने तक की बात कही थी। उन्होंने 46 वर्षों से अधिक समय तक पार्टी के लिए काम करने और अपमान सहने का उल्लेख करते हुए कहा था कि यदि उनकी कोई गलती सिद्ध हो जाए तो वह राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने महासचिव के चयन को लेकर पार्टी नियमों में किए गए संशोधनों की भी आलोचना की, जिन्हें अन्नाद्रमुक के संस्थापक एम.जी. रामचंद्रन ने निर्धारित किया था।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा था कि पार्टी के मूल नियमों में बदलाव का अधिकार किसी को नहीं है और यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अन्नाद्रमुक नेतृत्व ने उन्हें पार्टी का झंडा उपयोग करने और पारंपरिक पार्टी वेशभूषा धारण करने से भी रोक दिया था।
अपने राजनीतिक सफर का हवाला देते हुए पन्नीरसेल्वम ने कहा था, “मैं विधायक रहा हूं, मुख्यमंत्री रहा हूं और पार्टी का समन्वयक भी रहा हूं। मेरी गलती क्या है? यदि आप मुझे यह बता दें कि मैंने कौन-सी भूल की है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।”
अब द्रमुक में उनकी एंट्री ने तमिलनाडु की चुनावी राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। आगामी चुनाव में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

