डेस्क : इज़रायल और अमेरिका के साथ बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान की राजनीति और सुरक्षा ढांचे में बड़ा बदलाव सामने आया है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की कथित मौत की खबरों के बीच देश ने नए कमांडर-इन-चीफ के नाम की घोषणा कर दी है। अहमद वाहिदी को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की कमान सौंपी गई है। इससे पहले 31 दिसंबर 2025 को खामेनेई ने उन्हें डिप्टी कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया था।
अहमद वाहिदी 1988 से 1998 तक कुद्स फोर्स के पहले कमांडर रह चुके हैं। कुद्स फोर्स, IRGC की वह विशेष शाखा है जो विदेशों में सैन्य और खुफिया अभियानों के संचालन के लिए जानी जाती है। वे 2009 से 2013 तक ईरान के रक्षा मंत्री रहे और 2021 से 2024 तक राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के कार्यकाल में गृह मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वे एक्सपीडिएंसी डिस्कर्नमेंट काउंसिल के सदस्य और सुप्रीम नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष भी रहे हैं।
वाहिदी का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विवादों में रहा है। 1994 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स स्थित AMIA यहूदी केंद्र पर हुए बम विस्फोट मामले में कथित संलिप्तता को लेकर वे इंटरपोल की ‘रेड नोटिस’ सूची में शामिल हैं। इस हमले में 85 लोगों की मौत हुई थी। इसके अतिरिक्त, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और 2022 के विरोध प्रदर्शनों के दौरान मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों के चलते उन पर अमेरिका और यूरोपीय संघ द्वारा प्रतिबंध भी लगाए गए हैं।
27 जून 1958 को शिराज में जन्मे वाहिदी का मूल नाम अहमद शाहचेरागी था। वे इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक, औद्योगिक इंजीनियरिंग में परास्नातक और रणनीतिक अध्ययन में पीएचडी धारक हैं। ईरान की सैन्य रणनीति, विशेषकर विदेशी अभियानों और रक्षा प्रणालियों के विकास में उन्हें प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है।
इस बीच, सोशल मीडिया और कुछ टेलीग्राम चैनलों पर यह दावा भी किया गया है कि इज़रायल और अमेरिका के हमलों में खामेनेई के परिवार के सदस्यों की भी मौत हुई है। तेहरान सिटी काउंसिल के सदस्य मीसम मुजफ्फर के हवाले से कहा गया कि सर्वोच्च नेता के दामाद और बेटी हमलों में मारे गए हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
खामेनेई के तीन बेटे और दो बेटियां हैं और सभी विवाहित हैं। रिपोर्टों में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि परिवार का कौन-सा सदस्य कथित हमले का शिकार हुआ।
खबरों के अनुसार, खामेनेई की मौत की सूचना के बाद तेहरान के कुछ इलाकों में जश्न मनाए जाने के दावे भी सामने आए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों ने खिड़कियों पर आकर तालियां बजाईं और संगीत बजाया। हालांकि इन घटनाओं की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
वर्तमान स्थिति को लेकर ईरान की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
