डेस्क: देश में एलपीजी गैस की कमी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ईरान-अमेरिका के बढ़ते तनाव के चलते पैदा हुए गैस संकट को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला। उनका कहना है कि नोटबंदी के समय जैसी लंबी बैंक कतारें जनता को खड़ी करनी पड़ी थीं, उसी तरह अब गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है।
डोटासरा ने जयपुर स्थित कांग्रेस वॉर रूम में मीडिया से बातचीत में कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार आम जनता और उद्योगों को राहत देने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा, “नोटबंदी के समय लोगों को घंटों कतार में लगना पड़ा था, और अब सिलेंडरों के लिए यही हाल है। सरकार संकट प्रबंधन में पूरी तरह फेल है।”
रिफाइनरी उत्पादन शुरू न होने से संकट बढ़ा
डोटासरा ने राजस्थान की रिफाइनरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसका निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक इसका उद्घाटन नहीं हुआ। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन के लिए समय नहीं दे रहे। उनका कहना है कि यदि रिफाइनरी से उत्पादन शुरू हो जाता तो मौजूदा गैस संकट में बड़ी राहत मिल सकती थी।
उद्योग और होटलों पर संकट का असर
कांग्रेस नेता ने बताया कि गैस संकट का प्रभाव उद्योग और व्यवसायों पर भी दिखाई देने लगा है। कॉमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग बंद होने से कई उद्योग ठप हो रहे हैं। रेस्टोरेंट, हॉस्टल और ढाबों का संचालन प्रभावित हुआ है, जिससे हजारों कर्मचारियों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। कुछ उद्योग कर्मचारियों की नौकरी भी समाप्त कर रहे हैं, जिससे बेरोजगारी का खतरा बढ़ रहा है।
राहत पैकेज और दाम वृद्धि पर सवाल
डोटासरा ने सरकार से मांग की कि संकट प्रभावित उद्योगों के लिए बिजली बिल माफ किए जाएं और बेरोजगार कर्मचारियों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाए। उन्होंने कहा, “अगर मेरी सरकार होती तो सिलेंडर का एक रुपया भी नहीं बढ़ता। डबल इंजन होने का दावा करने वाली सरकार इस संकट में जनता को राहत नहीं दे रही।”
फर्टिलाइजर, दवा और ऑटो गैस प्रभावित
डोटासरा ने चेतावनी दी कि गैस संकट का असर फर्टिलाइजर और दवा उत्पादन पर भी पड़ रहा है। इससे किसानों को खाद और उर्वरक की कमी का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी जयपुर में ऑटो चालकों को भी गैस के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों और स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है।
डोटासरा ने कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
