डेस्क: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्रियों से पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति पर व्यापक चर्चा की। शनिवार रात हुई फोन बातचीत में जयशंकर ने यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान के साथ क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार साझा किए।
जयशंकर ने रविवार को सोशल मीडिया पर बताया कि उन्होंने सऊदी अरब के विदेश मंत्री के साथ पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े घटनाक्रम पर भी चर्चा की। वहीं, यूएई के विदेश मंत्री के साथ बातचीत में क्षेत्रीय स्थिति के विभिन्न पहलुओं पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। माना जा रहा है कि इन वार्ताओं में भारत की ऊर्जा सुरक्षा और तेल आपूर्ति के मुद्दे भी शामिल रहे।
फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य के अवरुद्ध होने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इस जलडमरूमध्य से दुनिया के कुल तेल और एलएनजी (द्रवीकृत प्राकृतिक गैस) का लगभग 20 प्रतिशत गुजरता है।
इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह तेल टर्मिनल पर हालिया हमले के बावजूद भारतीय ध्वज वाला कच्चे तेल का टैंकर सुरक्षित भारत के लिए रवाना हो गया है। ‘जग लाडकी’ नामक इस जहाज में लगभग 80,800 टन मुरबन कच्चा तेल है। यह जहाज भारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे फुजैराह से निकल गया और जहाज पर मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित हैं। सरकार ने कहा है कि वह पश्चिम एशिया में स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है और ईंधन आपूर्ति एवं समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

