डेस्क : गाजियाबाद जिले के मोदीनगर इलाके में गुरुवार रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक युवक को हमलावरों ने पांच गोलियां मार दीं। हैरानी की बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवक ने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही करीब 25 किलोमीटर गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंच गया।
पुलिस के मुताबिक, राज नगर एक्सटेंशन निवासी 35 वर्षीय राहुल चौधरी पर NH-58 के पास सीकरी कलां स्थित ‘स्वागत ढाबा’ के बाहर हमला हुआ। वह वहां अपने परिचितों से 75 हजार रुपये लेने गया था। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना की 49 सेकंड की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। इसमें दो लोग पहले से स्कूटर के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही राहुल चौधरी अपनी स्कॉर्पियो से वहां पहुंचे, एक व्यक्ति ने कार का दरवाजा खोला और कुछ ही सेकंड बाद एक अन्य हमलावर ने करीब से गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में खुद पहुंचा अस्पताल
गोलीबारी में राहुल चौधरी को गर्दन, सीने, पेट और पैर में गोलियां लगीं। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए खुद गाड़ी चलाई और संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचकर वह मदद मांगते हुए जमीन पर गिर पड़े। डॉक्टरों ने तुरंत उनकी सर्जरी की और फिलहाल उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिचितों ने बुलाकर रची साजिश?
पीड़ित की पत्नी करिश्मा के मुताबिक, राहुल को उनके जानकार विनय वशिष्ठ और अरविंद सैनी ने मिलने के लिए बुलाया था। पहले घर बुलाया गया, लेकिन मना करने पर ‘स्वागत ढाबा’ पर मिलने को कहा गया। आरोप है कि वहां पहले से ही साजिश रची गई थी और बातचीत के दौरान ही हमलावरों ने गोलीबारी कर दी।
करिश्मा ने जलबीर पंडित, रवि वाल्मीकि, पीतम सैनी, विनय वशिष्ठ, अरविंद सैनी और अश्विनी चौहान सहित अन्य लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जलबीर पंडित एक हिस्ट्रीशीटर है और पहले भी इस तरह के हमले की कोशिश कर चुका है।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, राहुल चौधरी पर पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे 18 मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में रंगदारी के एक मामले में जमानत पर बाहर आया था।
5 टीमें कर रहीं आरोपियों की तलाश
पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

