डेस्क : ईरान ने एक बार फिर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बड़ी नौसैनिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक वाणिज्यिक जहाज को जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई का वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के हथियारबंद कमांडो समुद्र में तेज नावों के जरिए जहाज की ओर बढ़ते और उस पर नियंत्रण स्थापित करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि मास्क पहने सैनिक राइफलें लिए हुए जहाज के डेक पर चढ़ते हैं और चालक दल को नियंत्रण में लेते हैं। यह पूरा ऑपरेशन बेहद तेजी से और संगठित तरीके से अंजाम दिया गया।
ईरान की ओर से दावा किया गया है कि संबंधित जहाज ने समुद्री नियमों का उल्लंघन किया था और बिना अनुमति इस संवेदनशील जलमार्ग में संचालन कर रहा था। तेहरान ने इसे नेविगेशन नियमों की अनदेखी और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई को उचित ठहराया है।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल परिवहन मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सैन्य या नौसैनिक कार्रवाई का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और समुद्री व्यापार पर पड़ता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना से क्षेत्र में पहले से जारी तनाव और बढ़ सकता है। पश्चिमी देशों और ईरान के बीच पहले से चले आ रहे विवादों के बीच इस तरह की घटनाएं वैश्विक कूटनीति और सुरक्षा के लिए नई चुनौती पेश करती हैं।
फिलहाल, जब्त किए गए जहाज और उसके चालक दल की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
