डेस्क : देश के दो बड़े राज्यों पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मतदान ने इस बार उल्लेखनीय रफ्तार पकड़ ली। निर्वाचन आयोग द्वारा शाम 5 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल में 89.93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि तमिलनाडु में यह आंकड़ा 82.24 प्रतिशत रहा। दोनों राज्यों में दिनभर मतदाताओं की भारी भागीदारी देखने को मिली और मतदान समाप्ति के समय तक यह रुझान लगातार मजबूत बना रहा।
पश्चिम बंगाल में कई जिलों ने पार किया 90 प्रतिशत का आंकड़ा
पश्चिम बंगाल एक बार फिर मतदान प्रतिशत के मामले में अग्रणी रहा। राज्य के कई जिलों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। दक्षिण दिनाजपुर में सबसे अधिक 93.12 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद कूचबिहार (92.07%), बीरभूम (91.55%), मुर्शिदाबाद (91.36%) और जलपाईगुड़ी (91.20%) प्रमुख रहे। झारग्राम (90.53%) और पश्चिम मेदिनीपुर (90.70%) भी 90 प्रतिशत से ऊपर रहे। बैंकुरा में 89.91 प्रतिशत और मालदा में 89.56 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। दार्जिलिंग में अपेक्षाकृत कम 86.49 प्रतिशत मतदान हुआ, फिर भी यह मजबूत भागीदारी का संकेत रहा।
तमिलनाडु में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह
तमिलनाडु में भी मतदान के अंतिम घंटों में तेजी देखी गई। करूर जिले ने 89.32 प्रतिशत के साथ सबसे अधिक मतदान दर्ज किया। इसके बाद सेलम (88.02%), इरोड (87.59%), धर्मपुरी (87.28%) और तिरुप्पुर (86.33%) रहे। आरियालुर में 83.09%, तिरुचिरापल्ली में 82.76% और चेन्नई में 81.34% मतदान दर्ज हुआ। मदुरै (77.89%) और तूतुकुड़ी (77.56%) में अपेक्षाकृत कम, लेकिन स्थिर भागीदारी रही।
2021 की तुलना में बढ़ा मतदान
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार 2021 विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में 85.2 प्रतिशत और तमिलनाडु में 76.6 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार के आंकड़े दोनों राज्यों में मतदाता भागीदारी में वृद्धि को दर्शाते हैं।
उपचुनावों में भी बढ़ी भागीदारी
गुजरात के उमरेठ विधानसभा क्षेत्र में 54.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के राहुरी में 50.68 प्रतिशत और बारामती में 52.44 प्रतिशत मतदान हुआ।
दिनभर बढ़ता रहा मतदान का रुझान
शाम 5 बजे के आंकड़ों से पहले दोपहर 3 बजे तक पश्चिम बंगाल में 78.77 प्रतिशत और तमिलनाडु में 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। वहीं दोपहर 1 बजे तक पश्चिम बंगाल में 56.81 प्रतिशत और तमिलनाडु में 62.18 प्रतिशत मतदान हो चुका था, जिससे दिनभर मतदान में लगातार वृद्धि का रुझान स्पष्ट हुआ।
सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। पश्चिम बंगाल में शेष 142 सीटों पर मतदान 29 मई को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
