शाम होते ही अक्सर कुछ हल्का, कुरकुरा और स्वादिष्ट खाने का मन करता है। ऐसे समय में ज्यादातर लोग चिप्स, नमकीन या बाजार के तले हुए स्नैक्स खाना पसंद करते हैं। हालांकि ये स्वाद में अच्छे लगते हैं, लेकिन सेहत के लिए ज्यादा अच्छे नहीं माने जाते। अगर आप भी हेल्दी और टेस्टी स्नैक की तलाश में हैं, तो मूंग दाल पॉपकॉर्न एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
पीली मूंग दाल से बनने वाला यह स्नैक स्वादिष्ट होने के साथ-साथ प्रोटीन से भी भरपूर होता है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है। इसका क्रंच और स्वाद इतना मजेदार होता है कि आप बाजार के जंक फूड भूल जाएंगे।
मूंग दाल पॉपकॉर्न बनाने के लिए सामग्री
आधा कप पीली मूंग दाल
1-2 बड़े चम्मच तेल
पानी भिगोने के लिए
नमक स्वादानुसार
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
थोड़ा भुना जीरा पाउडर
चुटकीभर लाल मिर्च पाउडर
मूंग दाल पॉपकॉर्न बनाने की आसान विधि
- मूंग दाल को भिगोएं: सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धो लें। अब इसे पर्याप्त पानी में 6-8 घंटे या रातभर के लिए भिगो दें। अच्छी तरह भीगी हुई दाल ज्यादा अच्छे से फूलती है और कुरकुरी बनती है।
- दाल को सुखाना जरूरी है: भीगी हुई दाल का पूरा पानी निकाल दें। अब इसे साफ कपड़े या पेपर टॉवल पर फैला दें। करीब 30-40 मिनट तक दाल को हवा में सूखने दें ताकि उसकी नमी खत्म हो जाए। अगर दाल में ज्यादा पानी रहेगा, तो तलते समय दाल सही तरीके से नहीं फूलेगी।
- तेल गर्म करें: अब एक मोटे तले की कढ़ाई या पैन में तेल गर्म करें। तेल को मीडियम आंच पर रखें। तेल सही गर्म हुआ है या नहीं, यह जांचने के लिए उसमें एक दाल का दाना डालें। अगर वह तुरंत ऊपर आ जाए, तो तेल तैयार है।
- पॉपकॉर्न की तरह बनाएं: अब गर्म तेल में थोड़ी-थोड़ी दाल डालें और तुरंत ढक्कन लगा दें। कुछ ही सेकंड में दाल पॉपकॉर्न की तरह फूलने लगेगी। बीच-बीच में पैन को हल्का हिलाते रहें ताकि दाल बराबर पक जाए। जब चटकने की आवाज कम हो जाए, तब गैस बंद कर दें।
मसाले डालें और सर्व करें: अब तैयार मूंग दाल पॉपकॉर्न को बाहर निकाल लें। तुरंत ऊपर से नमक, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालें।
ध्यान रखने वाली बातें
- दाल को अच्छे से सुखाना बहुत जरूरी है।
- तेल ज्यादा गर्म ना करें।
- एक बार में ज्यादा दाल ना डालें।
- ज्यादा मसाले डालने से स्वाद भारी हो सकता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत