जयपुर : कमला नेहरू नगर स्थित चौरड़िया सिटी मंगलवार को आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर हो उठी, जब आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि श्री तत्त्व रुचि जी “तरुण” एवं मुनि श्री संभव कुमार जी का मंगल प्रवेश हुआ। स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार चौरड़िया सिटी एवं कमला नेहरू नगर क्षेत्र में तेरापंथ आम्नाय के संतों का यह पहला प्रवास है, जिससे श्रावक-श्राविकाओं में विशेष उत्साह और आनंद का वातावरण देखने को मिला।
मंगल प्रवेश के उपरांत आयोजित धर्मसभा में मुनि श्री तत्त्व रुचि जी “तरुण” ने धर्म के वास्तविक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “धर्म जीने की कला का नाम है। जिसके जीवन में धर्म का प्रवेश हो जाता है, वह जीवन को सही अर्थों में जीना सीख जाता है। विवेकयुक्त आचरण ही एक धार्मिक व्यक्ति की पहचान है।”
उन्होंने कहा कि धर्म मनुष्य को परिस्थितियों के बीच संतुलित रहने की शिक्षा देता है। जीवन में समता और सहनशीलता का भाव विकसित करना धर्म का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। आज शिक्षा के माध्यम से बौद्धिक विकास तो हो रहा है, लेकिन अनुकूल और प्रतिकूल परिस्थितियों में शांत तथा संतुलित बने रहने का प्रशिक्षण धर्म और अध्यात्म ही प्रदान करते हैं।
मुनि श्री ने कहा कि आवेश और आवेग पर नियंत्रण के अभाव में व्यक्ति अपना मानसिक संतुलन खो बैठता है। इसके पीछे सहिष्णुता की कमी एक प्रमुख कारण है। धर्म व्यक्ति के भीतर धैर्य, संयम और सहनशीलता के संस्कार विकसित कर जीवन को अधिक सार्थक और सुखमय बनाता है।
इस अवसर पर मुनि श्री संभव कुमार जी ने कहा कि धर्म हमारी आंतरिक और मूलभूत समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रस्तुत करता है। धर्म की साधना और उपासना के माध्यम से व्यक्ति अपनी अनियंत्रित वृत्तियों पर नियंत्रण करना सीखता है, जो सुख, शांति और आत्मिक संतोषपूर्ण जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इससे पूर्व संतों ने तिवाड़ी कॉलोनी से विहार कर कमला नेहरू नगर में प्रवेश किया। मार्ग में तथा आगमन स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनका भावपूर्ण स्वागत किया और श्रद्धाभाव के साथ मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
स्थानीय श्रद्धालुओं की प्रबल भावना को देखते हुए संतों ने 10 जून, बुधवार का प्रवास भी चौरड़िया सिटी, कमला नेहरू नगर में ही रखने की घोषणा की है। मुनि श्री के प्रवचन एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम चौरड़िया विला में आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों की सहभागिता हो रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत