स्पोर्ट्स डेस्क :आयरलैंड ने बड़ा उलटफेर कर दिया है। आयरलैंड ने भारत का दो मैचों की टी20 सीरीज में सूपड़ा साफ कर इतिहास रचा है। आयरलैंड ने पहली बार किसी भी फॉर्मेट में भारत से सीरीज जीती है। मेजबान टीम ने रविवार को दूसरे मुकाबले में एक रन से रोमांचक जीत हासिल की। आयरलैंड ने 155 रनों का लक्ष्य दिया, जिसके जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 153 रन ही जुटा पाई। भारत को अंतिम ओवर में जीत के लिए 20 रनों की जरूरत मगर 18 ही बने। तिलक वर्मा ने मुश्किल वक्त में अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन दूसरे छोर से दमदार साथ नहीं मिला। उन्होंने 46 गेंदों में 55 रन जुटाए। उनके बल्ले से तीन चौके और एक छक्का निकला। आयरलैंड के लिए जय मूंद्रा और मैथ्यू होलार्ड ने तीन-तीन विकेट झटके। मैथ्यू हम्फ्रीज और हैरी टैक्टर ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने खराब आगाज किया। ओपनर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पहले ओवर में आउट हो गए। दोनों का खाता नहीं खुला। कप्तान श्रेयस अय्यर (7 गेंदों में 10) भी ज्यादा देर नहीं टिके। तीनों को जय मूंद्रा ने अपने जाल में फंसाया। ईशान किशन ने 11 गेंदों में 12 रनों का योगदान दिया। वह रनआउट हुए। 19 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अक्षर पटेल (18 गेंदों में 14) के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। भारत की आधी टीम 74 रन पर ढेर हुई। तिलक ने शिवम दुबे (16 गेंदों में 20) के संग छठे विकेट के लिए 35 रनों की पार्टनरशिप की और भारत को 100 के पार पहुंचाया। तिलक 18वें ओवर में मैथ्यू होलार्ड का शिकार बने। उन्होंने इसी ओर में सूर्यांश शेडगे (1) को पवेलियन की राह दिखाई। हर्षित राणा (10 गेंदों में 21, दो चौके, एक छक्के) ने कुछ देर भारत की जीत की उम्मीदें रखीं लेकिन आखिरी ओवर में पांचवीं गेंद पर आउट हो गए। प्रिंस यादव (नाबाद 6) ने अंतिम गेंद पर छक्का मारा।
इससे पहले, आयरलैंड ने टॉस गंवाने के बाद 8 विकेट पर 154 रन जुटाए। आयरलैंड की ओर से सर्वाधिक रन हैरी टेक्टर ने बनाए। उन्होंने 47 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रनों की पारी खेली। भारत के लिए डेब्यूटेंट प्रिंस यादव ने तीन विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे ने दो-दो जबकि हर्षित राणा ने एक विकेट लिया। टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी आयरलैंड टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। आयरलैंड के ओपनर टिम टेक्टर 5 और रॉस अडायर 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान लोरकन टकर के बल्ले से 15 रन निकले। उन्होंने हैरी टेक्टर के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 रनों की पार्टनरशिप की।
बेंजामिन कैलिट्ज (37) और गैरेथ डेलानी (0) एक ही ओवर में पवेलियन लौटे। कैलिट्ज ने हैरी के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी की। आयरलैंड की आधी टीम 113 रनों पर ढेर हुई। जॉर्ज डॉकरेल ने 19 और लियाम मैकार्थी 2 ने दो रन बनाए। भारत ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। प्रसिद्ध कृष्णा और वॉशिंगटन सुंदर की जगह आए तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे आए। यह दोनों का सबसे छोटे फॉर्मेट में डेब्यू मैच था। वैभव सूर्यवंशी का फिर दिल टूटा। उन्हें इंटरनेशनल डेब्यू के लिए अब इंग्लैंड सीरीज का इंतजार करना पड़ेगा। आयरलैंड ने भारत को पहले मुकाबले में 34 रनों से हार थमाई थी।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत