डेस्क : भारत के घरेलू सोशल मीडिया मंच शेयरचैट अगले वर्ष लगभग 40 करोड़ डॉलर (400 मिलियन डॉलर) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी सार्वजनिक बाजार से पूंजी जुटाकर अपने कारोबार के विस्तार और डिजिटल कंटेंट कारोबार को मजबूत करने की योजना बना रही है।
मोहल्ला टेक प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाली शेयरचैट पिछले कुछ वर्षों में लागत घटाने, कारोबार को पुनर्गठित करने और लाभप्रदता पर ध्यान केंद्रित करने के बाद अब शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी मनोहर चरण के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी परिचालन स्तर पर लाभप्रद (Operationally Profitable) हो गई है और अगले चार से पांच तिमाहियों के भीतर सूचीबद्ध होने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, आईपीओ की योजना अभी अंतिम रूप में नहीं है और बाजार की परिस्थितियों के अनुसार इसमें बदलाव संभव है।
कंपनी के पास शेयरचैट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अलावा मोज शॉर्ट वीडियो ऐप और क्विकटीवी माइक्रो-ड्रामा प्लेटफॉर्म भी हैं। माइक्रो-ड्रामा सेगमेंट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग से कंटेंट निर्माण की लागत कम होने के कारण कंपनी की आय और मार्जिन में सुधार दर्ज किया गया है। कंपनी का वार्षिक राजस्व 1,000 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
यदि यह आईपीओ सफल रहता है, तो यह भारतीय स्टार्टअप और सोशल मीडिया क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी तथा घरेलू तकनीकी कंपनियों के पूंजी बाजार में प्रवेश की दिशा में एक बड़ा कदम माना जाएगा।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
