चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में शुक्रवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पूर्व विधायक और कार्यकर्ता उनके आवास पर एकत्र हुए। इस दौरान समर्थकों ने पार्टी हाईकमान से चन्नी को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, चन्नी के समर्थकों ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सके। उनका दावा था कि चन्नी के नेतृत्व में कांग्रेस राज्य में अधिक मजबूती के साथ चुनावी मुकाबला कर सकती है।
बैठक के दौरान कई नेताओं ने संगठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करने और पार्टी को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने पर भी जोर दिया। समर्थकों ने यह भी कहा कि पंजाब में कांग्रेस को एकजुट रखने के लिए चन्नी को बड़ी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
हालांकि, चरणजीत सिंह चन्नी ने इस पूरे घटनाक्रम को कार्यकर्ताओं की भावनाओं का प्रकटीकरण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनका परिवार है और वे पार्टी हाईकमान के हर निर्णय का सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना है, न कि किसी प्रकार का टकराव पैदा करना।
गौरतलब है कि कांग्रेस हाईकमान ने हाल ही में पंजाब संगठन में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। इसके बाद से ही प्रदेश नेतृत्व को लेकर विभिन्न नेताओं और समर्थकों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसे में चन्नी के समर्थन में हुआ यह शक्ति प्रदर्शन पंजाब कांग्रेस की आंतरिक राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत