नई दिल्ली : भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए तीखी टिप्पणी की। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान में किए गए हालिया हवाई हमलों की भी कड़ी निंदा की, जिनमें महिलाओं और बच्चों सहित कई निर्दोष नागरिकों की मौत हुई।
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत का रुख इस मुद्दे पर पहले जैसा ही सख्त और स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को समर्थन जारी रखने के कारण भारत ने सिंधु जल संधि को फिलहाल स्थगित रखा है। प्रवक्ता के अनुसार, पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद के समर्थन को पूरी तरह और विश्वसनीय रूप से समाप्त करना होगा।
इस बीच, भारत और जापान ने गुरुवार को एक संयुक्त बयान जारी कर पाकिस्तान से उत्पन्न सीमा पार आतंकवाद की कड़ी और स्पष्ट निंदा की। दोनों देशों ने दक्षिण एशिया में बढ़ते आतंकवादी खतरे पर वैश्विक समुदाय से तत्काल और ठोस कार्रवाई की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के बीच हुई वार्ता के बाद जारी बयान में कहा गया कि आतंकवाद के सभी यूएन-नामित संगठनों—लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, अल-कायदा और आईएसआईएस—के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है। दोनों नेताओं ने आतंकवादी सुरक्षित ठिकानों को समाप्त करने, आतंक फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय अपराध के गठजोड़ को तोड़ने तथा आतंकियों की सीमा पार आवाजाही रोकने पर जोर दिया।
इधर, शुक्रवार की प्रेस ब्रीफिंग में अफगानिस्तान में पाकिस्तानी सैन्य कार्रवाई पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का समर्थन करता है तथा वहां मानवीय सहायता जारी रखे हुए है।
उन्होंने कहा कि भारत ने अफगानिस्तान में हुए हमलों में नागरिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है और चिकित्सा सहायता व विकास परियोजनाओं के माध्यम से सहयोग जारी है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में किए गए हवाई हमलों में भारी नागरिक क्षति हुई। तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत के अनुसार, इन हमलों में 36 नागरिकों की मौत हुई, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जबकि 163 लोग घायल हुए और तीन आवासीय घर पूरी तरह नष्ट हो गए।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत