डेस्क : स्पाई-एक्शन फिल्म “अल्फा”, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में हैं, ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन धीमी शुरुआत दर्ज की है। शुरुआती अनुमानों के अनुसार फिल्म ने भारत में लगभग ₹8.81 करोड़ (नेट) का कारोबार किया है।
यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की इस पहली महिला-प्रधान फिल्म को लेकर रिलीज से पहले काफी चर्चा और उम्मीदें थीं, लेकिन पहले दिन दर्शकों की उपस्थिति अपेक्षा से कम रही।
सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी कमजोर रही, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मल्टीप्लेक्स में कुछ सुधार देखने को मिला। बड़े शहरों में फिल्म का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा, जबकि छोटे शहरों में इसका असर सीमित दिखाई दिया।
ट्रेड विशेषज्ञों के अनुसार फिल्म की ओपनिंग “मध्यम” श्रेणी में रखी जा रही है। अब फिल्म की आगे की कमाई का दारोमदार वीकेंड और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा।
“अल्फा” का निर्देशन शिव रवैल ने किया है और इसे यशराज फिल्म्स के विस्तारित स्पाई यूनिवर्स का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। फिल्म में बॉबी देओल और अन्य कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आते हैं।