स्पोर्ट्स डेस्क। श्रीलंका के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए अपनी पहली पारी में 90 ओवर में छह विकेट पर 357 रन बना लिए हैं। भारत अब श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के पहली पारी के स्कोर से महज छह रन पीछे है। देवदत्त पडिक्कल के शानदार शतक और रवींद्र जडेजा की अर्धशतकीय पारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पडिक्कल ने 121 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक के बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट किया गया, लेकिन विकेट गिरने के बाद वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे। दिन का खेल समाप्त होने तक पडिक्कल ने 164 गेंदों में 142 रन बना लिए थे। उनकी पारी में 18 चौके शामिल रहे। आखिरी ओवर में गुरनूर बराड़ ने लगातार चार छक्के लगाकर भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।
जायसवाल खाता नहीं खोल सके
भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल महज दो गेंदों का सामना कर बिना खाता खोले विश्व फर्नांडो का शिकार बने। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला और शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम को 150 रन के पार पहुंचाया। लोकेश राहुल ने 40 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके।
पडिक्कल के रिटायर्ड होने के बाद ऋषभ पंत पांच गेंदों में दो रन बनाकर फर्नांडो की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद ध्रुव जुरैल भी नौ गेंदों में एक रन बनाकर मेंडिस का शिकार बने।
जडेजा का अर्धशतक, सुथार और सारांश ने भी दिया योगदान
भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने भी शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक पूरा करने के बाद रिटायर्ड आउट हुए। मानव सुथार ने 41 रन की पारी खेली, जबकि मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन रिटायर्ड हर्ट हुए।
श्रीलंका की ओर से रमेश और मनोज ने दो-दो विकेट लिए। भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 357 रन बना लिए थे।
श्रीलंका XI ने 363 रन पर घोषित की पारी
इससे पहले अभ्यास मैच के पहले दिन श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े। दूसरे विकेट के लिए भी 61 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी लेकिन उपयोगी साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने 363 रन पर आठ विकेट के स्कोर पर अपनी पारी घोषित की। सलामी बल्लेबाज निशान मधुशंका ने 66 और रविंदु रसांथा ने 71 रन बनाए। कप्तान सोनल दिनुशा ने भी 52 रन की पारी खेली।
भारत की ओर से कुलदीप यादव, मानव सुथार और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। गुरनूर बराड़ को एक सफलता मिली, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले यह अभ्यास मुकाबला खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण तैयारी का मौका है। कोलंबो में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरे दिन श्रीलंका की बढ़त को लगभग खत्म कर दिया है।













राज्य-शहर
बिजनेस
जीवंत




