डेस्क : पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का लाइव शो के दौरान लिप-सिंक करने का विवाद अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में अब बॉलीवुड के मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना नाम लिए दलेर मेहंदी पर निशाना साधते हुए उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल की टिप्पणी का समर्थन किया है। अभिजीत ने साफ कहा कि वह मंच पर जैसा भी गाएंगे, लेकिन गाने के नाम पर केवल होंठ नहीं हिलाएंगे।
दरअसल, छत्तीसगढ़ में एक लाइव कार्यक्रम के दौरान अभिजीत ने दर्शकों से कहा कि किसी भी कलाकार को लाइव शो के नाम पर बिना गाए केवल अभिनय करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने हाल ही में हुए एक विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्री ने मंच पर जो सवाल उठाए थे, वे सही थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ही गलत ठहराया जाने लगा।
खराब गाऊंगा, बेसुरा गाऊंगा, लेकिन लाइव गाऊंगा
अभिजीत ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनकी आवाज खराब हो सकती है, वह थक सकते हैं या बेसुरा भी गा सकते हैं, लेकिन मंच पर जो भी गाएंगे, लाइव गाएंगे। उन्होंने दर्शकों से कहा कि वे अपनी मेहनत की कमाई खर्च करके कलाकारों को सुनने आते हैं। ऐसे में कलाकार की जिम्मेदारी है कि वह दर्शकों के साथ ईमानदारी बरते।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी कार्यक्रम के आयोजन में प्रशासन, आयोजकों और कई अन्य लोगों की मेहनत शामिल होती है। दर्शकों के समय और पैसे का सम्मान करना कलाकार का कर्तव्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह कभी गाने के नाम पर केवल मुंह हिलाकर दर्शकों को धोखा नहीं देंगे।
क्या है दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल का विवाद?
यह पूरा विवाद उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। यहां पंजाबी गायक दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्होंने दलेर मेहंदी पर लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक करने का आरोप लगाया। मंत्री ने उनकी मंच पर प्रस्तुति और स्थिति पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने यह दावा भी किया था कि कार्यक्रम के लिए गायक को 35 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मनोरंजन जगत में बहस शुरू हो गई। कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए और मंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
मीका सिंह ने मांगी थी मंत्री से माफी
दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि दलेर की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में प्रस्तुति दी। मीका ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की थी।
अब अभिजीत भट्टाचार्य की टिप्पणी के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, अभिजीत ने अपने बयान में दलेर मेहंदी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को इसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।













राज्य-शहर
बिजनेस
जीवंत



