आज से नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो रहा है। नवरात्रि के नौ दिन मां आदिशक्ति की उपासना करने वालों के लिए बेहद खास होते हैं। इस साल नवरात्र के व्रत आज यानी 26 सितंबर 2022, सोमवार से शुरू होकर 5 अक्टूबर 2022, बुधवार को समाप्त होने वाले हैं। नवरात्रि के 9 दिन मां दुर्गा के अलग-अलग नौ स्वरूप शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। इतना ही नहीं मां को प्रसन्न करने के लिए हर दिन प्रत्येक माता को अलग-अलग चीजों का भोग प्रसाद में लगाया जाता है।
नवरात्रि के पहले दिन यानी आज मां शैलपुत्री के स्वरूप का पूजन होता है। कहा जाता है इस दिन मां को गाय के घी का भोग लगाना चाहिए। ऐसा करने से रोग और हर संकट से मुक्ति मिलती है। आइए जानते हैं मां शैलपुत्री को भोग लगाने के लिए घर पर ही कैसे बनाएं कलाकंद का प्रसाद।
कलाकंद बनाने के लिए आवश्यक सामग्री-
-पनीर – 1½ कप कद्दूकस किया हुआ
-कंडेंस्ड मिल्क – 3/4 कप
-हरी इलायची पाउडर – 1/4 छोट चम्मच
-घी – प्लेटिंग के लिए
-बारीक कटा पिस्ता – गार्निशिंग के लिए
कलाकंद बनाने का तरीका-
कलाकंद बनाने के लिए सबसे पहले पनीर को कद्दूकस कर लें या फिर उसे मिक्सी में दरदरा पीसकर अलग रख लें। अब एक छोटी गहरी प्लेट में घी लगाएं। इसके बाद एक कड़ाई में कंडेंस्ड मिल्क और कददूकस किया पनीर डालकर अच्छे से मिलाने के बाद धीमी आंच पर इस मिश्रण को चम्मच से हिलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं। इस मिश्रण को लगभग 4-7 मिनट तक पकाएं जबतक कि वो कड़ाई के किनारों से चिपकने न लग जाए।