नई दिल्ली:पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को ड्यूटी के दौरान मौत के मामले में राज्य पुलिस कर्मियों के परिवार को अनुग्रह राशि के रूप में एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। सीएम मान ने पंजाब पुलिस टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हुए पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मियों की बैठक को भी संबोधित किया।
ट्रिब्यून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए वेणु प्रसाद, प्रमुख सचिव (गृह) अनुराग वर्मा और पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वीके भावरा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने सभी रैंकों के 23,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्हें गैंगस्टर, ड्रग्स, आतंकवाद, अवैध खनन और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो रणनीति अपनाने की अपील की।
बैठक के दौरान सीएम भगवंत मान ने सभी पुलिस अधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में पुलिस के कामकाज में कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। उन्होंने पुलिस को पूरे समर्पण और अखंडता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस बल से राज्य में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बिना किसी पक्षपात के कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
सीएम ने इस वित्तीय वर्ष से पुलिस कल्याण कोष को 10 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपए करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री पंजाब पुलिस की सराहना करते हुए इस तथ्य को स्वीकार किया कि पुलिस की नौकरी चुनौतीपूर्ण है और सर्वोत्तम प्रयास करने के बावजूद आलोचनाओं का दरवाजा खुला रहता है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत