बच्चों को हेल्दी फूड देना बहुत जरूरी होता है। जिससे उन्हें सारे जरूरी न्यूट्रिशन मिले और बच्चे की ग्रोथ सही हो। मां का दूध केवल 6 महीने तक के बच्चे के लिए पर्याप्त होता है। इसके बाद बच्चों को मां के दूध से पर्याप्त मात्रा में पोषण नहीं मिलता। ऐसे में उन्हें फल और सब्जियों के साथ ही अनाज को डाइट में देना चाहिए। सेब बेहद फायदेमंद फल है और बड़ों के साथ ही बच्चों को भी इसे जरूर खिलाना चाहिए। लेकिन केले की तरह सेब सॉफ्ट नहीं होता और छोटे बच्चों के लिए इसे खाना मुश्किल रहता है। इसलिए सेब को खिलाने के लिए आप इन तरीकों को अपना सकती है। जिससे बच्चे आसानी से सेब का पोषण ले सकें।
एप्पल की प्यूरी
-छोटे बच्चों को सेब खिलाने के लिए प्यूरी बना लें। जिसे बच्चे ना केवल आसानी से डाइजेस्ट कर पाते हैं बल्कि खाने में भी आसानी होती है। एप्पल की प्यूरी बनाने के लिए इन स्टेप को फॉलो करें।
-सबसे पहले सेब को छीलकर काट लें।
-फिर पैन में आधा कप पानी गर्म होने के लिए रखें और उसमे सेब के टुकड़े डाल दें।
-जब सेब हल्का मुलायम हो जाते तो गैस बंद कर दें और ठंडा हो जाने दें।
-ठंडा हो जाने के बाद सेब को मिक्सी में पीस लें या फिर चम्मच की सहायता से मैश कर लें।
-बच्चे इस मैश सेब को आसानी से खा लेते हैं।
एप्पल स्मूदी
बच्चे को एप्पल की स्मूदी भी बनाकर दी जा सकती है। इसे बनाने के लिए सेब को दूध के साथ मिक्स करके पीस लें। आप चाहें तो इसमे केला या कुछ ड्राई फ्रूट्स को भी मिला सकती हैं।
सेब का हलवा
6 महीने के ऊपर के बच्चों को सेब का हलवा भी बनाकर खिलाया जा सकता है। बच्चों को इसका टेस्ट पसंद आता है। सेब का हलवा बनाना काफी आसान है। बस सेब को कद्दूकस में कस लें। फिर कड़ाही में देसी घी डालकर धीमी आंच पर भूनें। जब ये भुनकर पक जाए तो थोड़ी सी चीनी डाल दें। बस अच्छी तरह से मिक्स कर चीनी सुखा दें और इलायची पाउडर मिला दें। बस तैयार है टेस्टी सेब का हलवा, बच्चे इसे चाव से खाना पसंद करते हैं।