मुंबई:महाराष्ट्र के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को मुंबई सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने 16 जुलाई को रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट और मुंबई, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतार और कोल्हापुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे विभिन्न शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। ऐसे में लोगों को यातायात में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महाराष्ट्र के कई इलाके भारी बारिश और तूफान की स्थिति का सामना कर रहे हैं। रविवार को ठाणे के भिवंडी इलाके में कामवारी नदी उफान पर थी, जिससे उसके किनारों पर रहने वाले लोगों के घरों में पानी घुस गया। लगातार बरसात के चलते नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। इसके कारण भिवंडी में कामवारी नदी के पास सुल्तानिया गली झुग्गी बस्ती इलाके में घुटने तक पानी भर गया है, जिससे कई लोगों को अपने घरों से विस्थापित होना पड़ा। ऐसे में मंगलवार को तेज बारिश के अनुमान ने इन लोगों की चिंता और ज्यादा बढ़ा दी है।
मराठवाड़ा क्षेत्र में दर्ज हुई मध्यम बारिश
दूसरी ओर, मराठवाड़ा क्षेत्र के 6 जिलों में लगभग एक सप्ताह के बाद रविवार शाम से सोमवार तड़के तक मध्यम बारिश हुई। संभागीय आयुक्त के आधिकारिक सूत्रों के कहा कि 8 जिलों में औसतन 17.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक क्षेत्र में 283 मिमी वास्तविक वर्षा दर्ज की गई है जो अपेक्षित वर्षा का 126 प्रतिशत व वार्षिक वर्षा का 41 प्रतिशत है। नांदेड़ और परभणी जिलों को छोड़कर शेष जिले में क्षेत्र में मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। पिछले वर्ष के दौरान क्षेत्र में कम वर्षा के बाद बांध, परियोजनाएं, नदियां सहित सभी जल संसाधन सूख गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान छत्रपति संभाजीनगर में 32.4 मिमी, बीड में 27.6 मिमी, धाराशिव में 22.6 मिमी, लातूर में 17.6 मिमी, जालना में 17.3 मिमी, हिंगोली में 10.5 मिमी, परभणी में 3.3 मिमी और नांदेड़ में 2.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
