नई दिल्ली। कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुई महिला डॉक्टर के साथ बर्बरता को लेकर चिकित्सक समुदाय का गुस्सा जारी है। खबर है कि रेजिडेंट डॉक्टर्स ने अब स्वास्थ्य मंत्रालय के बाहर अनोखी ‘OPD’ खोलने की तैयारी की है। इधर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन या IMA की तरफ से बुलाई गई हड़ताल रविवार शाम 6 बजे खत्म हो चुकी है। हालांकि, डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी है।
AIMMS और दिल्ली के कई अस्पतालों के डॉक्टर निर्माण भवन के बाहर 19 अगस्त से ओपीडी सेवाएं देकर विरोध प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान कर चुके हैं। खास बात है कि यहां स्वास्थ्य मंत्रालय का दफ्तर मौजूद है। रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (RDA) की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया है कि दिल्ली में निर्माण भवन के बाहर सड़क पर OPD सेवाएं देना शुरू करेंगे।
इसमें कहा गया, ‘सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट के लिए एक्शन कमेटी और आरडीए एम्स की आम सभा से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि हड़ताल जारी रहेगी, क्योंकि हमारी मांगें अब तक पूरी नहीं हुई हैं। इसमें इलेक्टिव OPD, वॉर्ड और ओटी सेवाएं, आईसीयू, इमरजेंसी प्रक्रियाएं और इमरजेंसी ओटी जारी हैं।’ रिलीज में यह भी कहा गया है कि रेजिडेंट डॉक्टर मरीजों के लिए ओपीडी सेवाओं के लिए निर्माण भवन के बाहर मौजूद रहेंगे। साथ ही अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
डॉक्टरों ने स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा में कमी की ओर इशारा किया। विज्ञप्ति में कहा गया, ‘हम राष्ट्र के हित में और हमारी शपथ के लिए मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देना जारी रखेंगे। हम देशभर के स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा में कमी के मुद्दे को उजागर करना चाहते हैं।’ उन्होंने सुरक्षा के लिए सरकार से तत्काल केंद्रीय अध्यादेश की अपील की है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
