डेस्क:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार भू-माफिया और अपराधियों को संरक्षण दे रही है। भाजपा सबसे बड़ी भू-माफिया पार्टी है। पूरे प्रदेश में भाजपा के संरक्षण में भू-माफियाओं का आतंक है। जब से भाजपा सत्ता में आयी है, भाजपा के लोग गरीबों को प्रताड़ित कर जगह-जगह जमीनों पर जबरन रजिस्ट्री कराकर कब्जे कर रहे हैं।
अखिलेश ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा है कि भाजपा सरकार के दौरान अयोध्या समेत कई जिलों में हुई जमींनों की रजिस्ट्रियां देख ली जाएं तो पूरी पोल खुल जाएगी। हद तो यह हो गई कि सेना के पूर्व अधिकारी की जमीनों पर भी भू-माफिया कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट करते हैं। धमकी देते हैं। कानून-व्यवस्था की इससे खराब तस्वीर और क्या हो सकती है कि भू-माफियाओं ने सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जमीन पर कब्जा कर लिया और विरोध करने पर जानलेवा हमला किया। पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। हत्या, लूट, बलात्कार, जमीनों पर कब्जे की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। विवाद में प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही है। हालात बद-से-बदतर होती जा रही है। स्थितियां अब और बदहाल होती जा रही है। भाजपा सरकार में हर जिले में तेजी से भू-माफिया पनप रहे हैं। प्रदेश के जिलों-जिलों में दबंगों द्वारा ऐसी तमाम घटनाएं हो रही हैं। अयोध्या समेत कई स्थानों पर सरकार खुद जमीनों को गरीबों, किसानों से कौड़ियों के भाव छीन कर अपने चहेतों को दे रही है। भाजपा सरकार की जमीनों को कब्जाने की नीति से गरीब और किसान परेशान है।
बढ़ती महंगाई के कारण लोगों का त्योहार फीका
इससे पहले अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए मंगलवार को कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण लोगों का त्योहार फीका नजर आ रहा है।