डेस्क: ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ने इस सप्ताह वैश्विक स्तर पर 14,000 कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है। इसका बड़ा असर लक्जमबर्ग स्थित उसकी टेक यूनिट पर पड़ा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेजन लक्जमबर्ग में अपने कुल 4,370 कर्मचारियों में से लगभग 8.5% यानी 370 पद खत्म कर रहा है। यह बीते करीब 20 वर्षों में यहां की सबसे बड़ी कटौती मानी जा रही है।
भारतीय व अन्य विदेशी कर्मचारियों की बढ़ी चिंता
इन छंटनियों की मार विशेष रूप से भारतीय और अन्य विदेशी कर्मचारियों पर पड़ सकती है। लक्जमबर्ग में अमेजन के दफ्तरों में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, भारत और ट्यूनीशिया सहित कई देशों के कर्मचारी काम करते हैं। नियमों के मुताबिक, यदि किसी विदेशी कर्मचारी की नौकरी जाती है, तो उसे तीन महीने के भीतर नई नौकरी ढूंढनी होगी या फिर अपने देश लौटना पड़ेगा।
अमेजन कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य प्रशांत चंद्रशेखर ने ब्लूमबर्ग से कहा कि बड़ी संख्या में कर्मचारियों को देश छोड़ना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि लक्जमबर्ग में सीमित टेक अवसरों के चलते एक साथ 370 लोगों का नौकरी बाजार में उतरना स्थिति को और कठिन बना देगा। उनका कहना है कि बड़ी टेक कंपनियों के विकल्प यहां बेहद कम हैं।
कंपनी का पक्ष और स्थानीय प्रक्रिया
12 दिसंबर को कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक ज्ञापन में अमेजन ने कहा कि यह कदम “व्यावसायिक जरूरतों और स्थानीय रणनीतियों के अनुरूप किए गए समायोजन” का हिस्सा है। कंपनी का दावा है कि प्रभावित कर्मचारियों को दिया जाने वाला सेवरेंस पैकेज उद्योग मानकों से बेहतर होगा।
यूरोपीय संघ के नियमों के तहत, किसी भी बड़ी छंटनी से पहले कंपनियों को कर्मचारी प्रतिनिधियों और कई मामलों में सरकार से भी बातचीत करनी होती है। दो सप्ताह की चर्चा के बाद अमेजन ने लक्जमबर्ग में छंटनी की संख्या 470 से घटाकर 370 कर दी। प्रभावित कर्मचारियों को फरवरी में औपचारिक रूप से नोटिस मिलने की संभावना है।
अमेजन–लक्जमबर्ग रिश्तों पर असर?
रिपोर्ट में कहा गया है कि महज 6.8 लाख आबादी वाले इस देश में अमेजन की छंटनी अब तक के परस्पर लाभकारी रिश्तों में “दरार” पैदा कर सकती है। लक्जमबर्ग को उच्च वेतन, कम आयकर और टैक्स-हेवन के रूप में जाना जाता है, जिसने वर्षों से विदेशी कंपनियों को आकर्षित किया है।
अमेजन 2003 से यहां लगातार अपना कारोबार बढ़ाता रहा है और छंटनी के बाद भी वह लक्जमबर्ग का पांचवां सबसे बड़ा नियोक्ता बना रहेगा।
एआई और महामारी-कालीन भर्ती की कीमत
नाम न छापने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि सबसे ज्यादा कटौती सॉफ्टवेयर डेवलपर्स में होने की आशंका है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल और कोविड महामारी के दौरान की गई भारी भर्तियों को संतुलित करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
टैक्स लाभ पर फिर सवाल
जनरल लक्जमबर्ग वर्कर्स ऑर्गनाइजेशन (OGBL) और अन्य यूनियनों ने आरोप लगाया है कि अमेजन को लक्जमबर्ग में “अत्यधिक” कर लाभ मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अमेजन और कई अन्य बहुराष्ट्रीय कंपनियां यहां होल्डिंग कंपनियों के जरिए अपने यूरोपीय संचालन को संचालित करती हैं।
अमेजन यूरोपीय अदालतों द्वारा 2023 में वैध ठहराए गए लेखा नियमों के तहत अपने महाद्वीपीय कारोबार में नियमित रूप से घाटा दिखाकर टैक्स बोझ कम करता रहा है। सार्वजनिक रिकॉर्ड बताते हैं कि लक्जमबर्ग स्थित अमेजन यूई सार्ल ने पिछले वर्ष यूरोपीय संघ में 70.4 बिलियन यूरो की बिक्री दिखाई और लगभग उतना ही खर्च, जिससे कंपनी का कॉर्पोरेट टैक्स केवल 180 मिलियन यूरो रह गया।
साझेदारी का भरोसा
इन सबके बीच नवंबर में लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री ल्यूक फ्रीडन ने सिएटल में अमेजन के सीईओ एंडी जैसी से मुलाकात की। बाद में लिंक्डइन पर उन्होंने अमेजन को देश का “महत्वपूर्ण साझेदार” बताया। इस पर एंडी जैसी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि लक्जमबर्ग अमेजन और वहां काम कर रहे करीब 4,000 कर्मचारियों के लिए एक “महत्वपूर्ण घर” रहा है।
हालांकि, मौजूदा छंटनी ने इस साझेदारी के भविष्य और टेक सेक्टर में नौकरी की स्थिरता पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
