डेस्क: 90 के दशक में जब अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी ने एक साथ फिल्म मोहरा से धूम मचाई थी, तब इंडस्ट्री के कुछ बड़े सितारों को यह जोड़ी उतनी प्रभावशाली नहीं लगी थी। उन्हीं में से एक थे अनिल कपूर, जिन्होंने उस समय एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार को “50 प्रतिशत हीरो” कहा था। अब सालों बाद सुनील शेट्टी ने इस बयान पर प्रतिक्रिया दी है।
अनिल कपूर को कहने का हक था: सुनील शेट्टी
हाल ही में रेडियो नशा को दिए एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने कहा, “हां, ऐसा कुछ डायलॉग था, मैंने अखबार में पढ़ा था। लेकिन वो स्टार थे, तो बोल सकते थे। उनका मतलब था कि एक हीरो लिया जाना चाहिए था, दो नहीं।”
सुनील ने यह भी माना कि उस समय ऐसे बयान सुनकर बुरा लगता था, लेकिन उन्होंने कभी मन में मलाल नहीं रखा।
“अनिल को हमेशा पसंद किया है”
सुनील शेट्टी ने अनिल कपूर की तारीफ करते हुए कहा, “अनिल एक बहुत अच्छे एक्टर हैं। जब आप उन्हें करीब से जानते हैं तो वो बहुत अच्छे इंसान भी हैं। बहुत हौसला देने वाले इंसान हैं।” उन्होंने यह भी स्वीकारा कि उस वक्त वो और अक्षय अनिल कपूर जैसे बड़े सितारे नहीं थे, लेकिन उन्हें खुद पर विश्वास था कि एक दिन वे भी अपनी पहचान बनाएंगे।
मोहरा बनी गेमचेंजर
मोहरा ने वाकई सुनील शेट्टी और अक्षय कुमार के करियर में बड़ा मोड़ लाया। राजीव राय के निर्देशन में बनी इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म ने उस साल जबरदस्त कमाई की और सुनील-अक्षय की जोड़ी को घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।