डेस्क:बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र के कलोथर जंगल में मंगलवार को कटोरिया पुलिस एवं नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। घटना मंगलवार शाम 7 से 9 बजे की बताई गई है। मुठभेड़ में एक लाख का ईनामी हार्डकोर नक्सली मारा गया। मारे गए नक्सली की पहचान कटोरिया थाना क्षेत्र के दामोदरा पंचायत अंतर्गत बूढ़ीघाट निवासी मटरू टुडू के पुत्र रमेश टुडू उर्फ टेंटुआ (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने नक्सली के पास से एक लोडेड कार्बाइन सहित अन्य कई सामान बरामद की है। पुलिस का सर्च अभियान जारी है। अभियान का नेतृत्व कटोरिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय कर रहे थे। जबकि टीम में पुलिस एवं एसटीएफ के जवान शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, कटोरिया थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि उक्त नक्सली जंगल में छुपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम बनाकर पुलिस ने जंगल में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान जंगल में मौजूद नक्सलियों की ओर से फायरिंग की गई। जवाबी मुठभेड़ में नक्सली रमेश टुडू मारा गया। जबकि अन्य नक्सली मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि नक्सली 5 से 6 की संख्या में थे। पुलिस द्वारा मारे गए नक्सली के शव को रेफरल अस्पताल लाया गया। इधर, घटना की सूचना पर एसपी बांका उपेंद्रनाथ वर्मा मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार नक्सली को सीने एवं सिर में गोली लगी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि रमेश टुडू के विरुद्ध जमुई जिले में लूट, हत्या, ट्रेन लूट, नक्सली हमला, विस्फोटक घटना को अंजाम देने की कोशिश सहित कुल 11 मामला दर्ज है। बताया जा रहा है एसटीएफ को उक्त नक्सली की तलाश थी। पुलिस से बचने के लिए ही उसने कलोथर जंगल में शरण ली थी। साथ की किसी बड़े घटना को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस एवं एसटीएफ टीम का सर्च अभियान जारी है।
बांका के एसपी, उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि कटोरिया थाना अंतर्गत बांका पुलिस और एसटीएफ तथा नक्सली गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई है। गोलीबारी समाप्त होने के बाद एक नक्सली रमेश टुड्डू घायल पाया गया। उसे नजदीकी रेफरल अस्पताल कटोरिया में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।