डेस्क:कांग्रेस और एनएसयूआई की टीम रविवार यानि आज से नौकरी दो, पलायन रोको यात्रा शुरू करेगी। पश्चिम चंपारण के भितिहरवा गांधी आश्रम से दोपहर 12 बजे से यह यात्रा शुरू होगी। कांग्रेस का आरोप है कि रोजगार नहीं मिलने से बिहार के युवाओं और लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसलिए वो यह यात्रा आयोजित कर रही है। विभिन्न जिलों से होते हुए इस यात्रा का समापन पटना में होगा। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव से पहले बिहार कांग्रेस की यह यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है।
बिहार में चुनावी साल में कांग्रेस खुद को एक्टिव दिखाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। बता दें कि नौकरी और पलायन का मुद्दा राजद नेता तेजस्वी यादव भी जोर-शोर से उठाते रहे हैं। अब इस मुद्दे पर कांग्रेस बिहार में यात्रा निकाल कर अपनी स्थिति चुनाव से पहले मजबूत कर लेना चाहती है। कांग्रेस की यह यात्रा 24 दिन चलेगी। पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार इस यात्रा का नेतृत्व कर सकते हैं। कांग्रेस इस यात्रा के जरिए युवाओं को साधने का प्रयास करेगी।
बिहार में चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और नेताओं की सक्रियता काफी बढ़ी हुई है। खुद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो बार बिहार आ चुके हैं। हालांकि, वो सामाजिक संगठनों के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे लेकिन राहुल गांधी के इस दौरे से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जोश जरूर बढ़ा है।
पार्टी ने 14 फरवरी 2025 को कृष्णा अल्लावरू को बिहार में कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया। युवा और तेज-तर्रार कहे जाने वाले कृष्णा अल्लावरू ने पहले ही साफ कर दिया है कि कांग्रेस इस बार चुनाव में बड़ी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और पूरे जोश से अपना दमखम दिखाएगी। कांग्रेस चुनाव से पहले बिहार में युवाओं की बेरोजगारी और शिक्षा जैसे अहम मुद्दे के जरिए युवाओं का ध्यान आकर्षित करने में जुटी है तो वहीं उसकी कोशिश इस यात्रा के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नई जान फूंकना भी है।