स्पोर्ट्स डेस्क:भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के खिताब का सूखा समाप्त कर लिया है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने रविवार को न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 अपने नाम की। भारत ने तीसरी बार टूर्नामेंट का खिताब जीता है। रोहित ब्रिगेड की दुबई में ‘दबंगई’ देखने को मिली। भारत ने हाईब्रिड मॉडल के तहत अपने सभी मैच दुबई के मैदान पर खेले और एक भी हार नहीं झेली। न्यूजीलैंड ने फाइनल में 252 रनों का टारगेट दिया, जिसे भारत ने 49 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर चेज किया। भारत ने न्यूजीलैंड से फाइनल में हार का हिसाब बराबर कर लिया है। न्यूजीलैंड ने साल 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को हराया था। कीवी टीम ने इसके अलावा 2021 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीता था।
न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल और माइकल ब्रेसवेल ने अर्धशतक के दम पर सात विकेट पर 251 रन जुटाए। मिचेल ने 101 गेंद में 63 रन बनाए जबकि ब्रेसवेल ने 40 गेंद में 53 रन जोड़े। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत करते हुए 10 ओवर में एक विकेट पर 69 रन बना लिए थे। छठे ही ओवर में गेंदबाजी के लिए आए स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने विल यंग (15) को पवेलियन भेजा। वहीं, कप्तान रोहित ने कलाई के स्पिनर कुलदीप को 11वें ओवर में गेंद सौंपी जिससे मैच का नक्शा ही बदल गया।
कुलदीप ने पहली ही गेंद पर रचिन रविंद्र (29 गेंदों में 37) को बोल्ड किया। इसके साथ ही 57 रन की पहले विकेट की साझेदारी भी खत्म हो गई जिसमें रविंद्र ने हार्दिक पंड्या को लगातार छक्का और दो चौके लगाए थे। उन्हें 28 के स्कोर पर मोहम्मद शमी ने अपनी ही गेंद पर जीवनदान दिया था। अगले ओवर में कुलदीप ने केन विलियमसन का रिटर्न कैच लपककर न्यूजीलैंड को सबसे करारा झटका दिया। न्यूजीलैंड ने 12.2 ओवर में 75 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। भारत के चौतरफा स्पिन आक्रमण का कीवी टीम सामना नहीं कर सकी और अगली 81 गेंद में कोई चौका नहीं लगा।
ग्लेन फिलिप्स ने कुलदीप को लॉन्ग ऑफ पर छक्का लगाकर इस दबदबे को तोड़ा। वरुण ने फिलिल्स को आउट करके पांचवें विकेट की 57 रन की साझेदारी तोड़ी। फिलिप्स उनकी गुगली का शिकार हुए। कुलदीप ने 40 और वरुण ने 45 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा ने रफ्तार के सहारे कीवी बल्लेबाजों को परेशान किया। जडेजा ने एक शिकार किया। भारतीय स्पिनरों ने 38 ओवर डाले और सिर्फ 144 रन दिए। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक शिकार किया।