डेस्क : महाराष्ट्र में स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात के खिलाफ सामने आए गंभीर आरोपों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। 67 वर्षीय खरात, जो मर्चेंट नेवी से सेवानिवृत्त अधिकारी बताया जा रहा है, पर महिलाओं को धार्मिक अनुष्ठानों और चमत्कारों के नाम पर फंसाकर उनका यौन शोषण करने के आरोप लगे हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, खरात महिलाओं को डराने के लिए रिमोट कंट्रोल से चलने वाले नकली सांप, बाघ की खाल जैसी वस्तुओं का इस्तेमाल करता था। वह खुद को भगवान शंकर का अवतार बताकर महिलाओं को अपने प्रभाव में लेता और विरोध करने पर दैवीय श्राप तथा बच्चों के भविष्य को लेकर धमकाता था। आरोप है कि उसने “शुद्धिकरण” और चमत्कार के नाम पर साधारण वस्तुएं ऊंचे दामों पर बेचकर भी ठगी की।
अशोक खरात के खिलाफ अब तक बलात्कार, जबरन गर्भपात और ब्लैकमेल जैसे गंभीर आरोपों में 8 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें से 7 मामलों की जांच विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है। जांच के दौरान उसके फार्महाउस से एक रिवॉल्वर, 21 जिंदा कारतूस और 5 इस्तेमाल की गई गोलियां बरामद हुई हैं। लोक अभियोजक शैलेंद्र बगड़े ने आशंका जताई है कि इन गोलियों का उपयोग कथित तौर पर नरबलि में किया गया हो सकता है। पुलिस को संदेह है कि इस मामले में हत्या के एंगल से भी जांच की आवश्यकता है।
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों की पुष्टि की है। पुलिस ने फार्महाउस से 6.5 लाख रुपये नकद और दो लैपटॉप भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि खरात के पास करोड़ों की संपत्तियां हैं, जिनमें जमीन, लग्जरी फ्लैट, कार्यालय और विभिन्न शहरों में मैरिज हॉल शामिल हैं।
पुलिस को यह भी पता चला है कि फार्महाउस में छिपे कैमरों के जरिए महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाते थे, जिनका इस्तेमाल उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता था। कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए, जिन्हें बाद में हटवा दिया गया है।
पीड़ित महिलाओं को सामने आने और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है तथा उन्हें सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है। हाल ही में सामने आए एक मामले में एक गर्भवती महिला के साथ शोषण का आरोप है, जबकि उसका पति बाहर इंतजार कर रहा था।
अदालत ने अशोक खरात की पुलिस हिरासत को 7 दिन की अवधि पूरी होने के बाद 5 दिन और बढ़ा दिया है, जो 29 मार्च तक जारी रहेगी। इस पूरे मामले ने महाराष्ट्र में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। अदालत परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन हुए और पुलिस वाहन पर हमला करने की भी कोशिश की गई।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में कई और चौंकाने वाले खुलासे होने की आशंका जताई जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

