नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आखिरकार दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी है। रेखा गुप्ता को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बनाया गया है। वह रामलीला मैदान में कल दोपहर 12:30 बजे अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री और भाजपा की पांचवीं महिला मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले आतिशी मार्लेना, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
पहली बार की विधायक बनीं मुख्यमंत्री
रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से 29,000 से अधिक वोटों से जीत दर्ज की थी। मुख्यमंत्री पद के लिए कई बड़े नाम चर्चा में थे, लेकिन भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रवेश वर्मा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ भी मौजूद थे।
रेखा गुप्ता को सीएम बनाने की तीन बड़ी वजहें
1️⃣ महिला नेतृत्व: भाजपा ने महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और महिला वोटर्स को साधने के लिए यह फैसला लिया।
2️⃣ वैश्य समाज को साधने की रणनीति: भाजपा ने परंपरागत वैश्य समुदाय का समर्थन मजबूत करने के लिए इस समाज से सीएम चुना।
3️⃣ संघ से जुड़ाव: रेखा गुप्ता का तीस साल पुराना संघ परिवार से नाता है। वह 1996-97 में दिल्ली छात्र संघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
27 साल बाद दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री
भाजपा को 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता संभालने का मौका मिला है। इससे पहले 1993 से 1998 के बीच भाजपा सरकार रही थी, लेकिन तब मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज को अलग-अलग समय पर मुख्यमंत्री बनाया गया था।
‘भाजपा का दूल्हा कौन?’ सवाल का मिला जवाब
दिल्ली चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा पर तंज कसते हुए पूछा था कि उनका मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा? ‘आप’ ने इस सवाल को अपने अभियान का हिस्सा बनाकर “भाजपा का दूल्हा कौन?” का नारा दिया था। अब भाजपा ने रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान कर इस सवाल का जवाब दे दिया है।
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा दिल्ली में नई शुरुआत करने जा रही है। अब देखना होगा कि वह अपने कार्यकाल में किन नए बदलावों को अमल में लाती हैं।