डेस्क : दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के साथ देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा सहित कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप अभी भी जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान देश के 15 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में तेज गर्मी के बीच आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ कमी आ सकती है। हरियाणा और पंजाब में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 11 जून के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। दूसरी ओर बिहार के 24 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून को केरल पहुंच चुका है और धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। केरल और दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि मध्य भारत में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं।
आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत