नई दिल्ली: दिल्ली NCR सहित पूरे उत्तर भारत में गर्मी ने तेज़ी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के तापमान के बारे में नवीनतम अपडेट जारी किया है। दिल्ली में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है, और मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से लू चलने की संभावना जताई है।
इस दौरान, तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस बार दिल्ली में गर्मी पिछले साल के मुकाबले अधिक होगी।
दिल्ली में दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं, जो 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। वहीं, रात के समय न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली NCR में अगले चार दिनों तक भयंकर गर्मी की संभावना जताई है।
19 अप्रैल के बाद दिल्ली में तापमान में गिरावट: 19 अप्रैल के बाद दिल्ली में तापमान में थोड़ी गिरावट की उम्मीद है। IMD के अनुसार, 16 से 19 अप्रैल तक पूर्वी राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा समेत अन्य जगहों पर लू का अलर्ट: मौसम विभाग ने 15 से 17 अप्रैल तक गुजरात में लू चलने का अलर्ट जारी किया है, जबकि 16 से 18 अप्रैल तक पंजाब, हरियाणा, और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी लू का असर रह सकता है। 16 और 17 अप्रैल को गुजरात और 16 अप्रैल को केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है। वहीं, 16 से 18 अप्रैल तक पश्चिमी राजस्थान और 17 से 18 अप्रैल के दौरान पूर्वी राजस्थान में रात के समय भी अत्यधिक गर्मी महसूस की जा सकती है।
बिहार-झारखंड में बदला मौसम, तेज आंधी और बारिश: अगले 24 घंटों में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत में भी हल्की बारिश हो सकती है। बिहार के पूर्वी हिस्से में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र में बढ़ेगी गर्मी: महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले 2 दिनों के दौरान मौसम में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।