डेस्क:आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हार के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि हम लोगों के जनादेश को बड़ी विनम्रता से स्वीकार करते हैं। मैं भाजपा को इस जीत के लिए बधाई देता हूं। केजरीवाल ने आगे कहा कि उम्मीद करता हूं कि वे उन सभी वादों को पूरा करेंगे जिनके लिए लोगों ने उन्हें वोट दिया है।
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आगे अपनी सरकार के कार्यों का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि हमने पिछले 10 वर्षों के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बहुत काम किया है। हम न केवल एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, वरन लोगों के बीच रहेंगे और उनकी सेवा करते रहेंगे…
बता दें कि नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ने वाले केजरीवाल खुद अपनी सीट नहीं बचा पाए हैं। भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को लगभग 4089 मतों से हरा दिया है। प्रवेश वर्मा को 30,088 वोट मिले जबकि अरविंद केजरीवाल 25,999 हासिल कर सके।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा ने बातचीत में अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली की जनता को दिया। हालांकि निर्वाचन आयोग (ईसी) ने अभी तक नई दिल्ली सीट से विजेता की घोषणा नहीं की है।
कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली चुनाव के नतीजों को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) पर जनमत संग्रह बताया है। कांग्रेस ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने छल और धोखे की राजनीति को अस्वीकार किया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने उम्मीद जताई कि अब पांच साल बाद कांग्रेस दिल्ली की सत्ता में लौटेगी।